रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
कौशाम्बी : जनपद के सभी तहसीलों में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने तहसील मंझनपुर में जनशिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दियें। जिलाधिकारी ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर शिकायत को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को तहसील दिवस एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण/समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि कोई भी शिकायत लम्बित न होने पाये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 07 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। समाधान दिवस में शिकायतकर्ता रवि कुमार निवासी ग्राम-अगियौना थाना करारी द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि उप जिलाधिकारी मंझनपुर के द्वारा आराजी संख्या-748 मौजा अगियौना परगना व थाना करारी तहसील मंझनपुर का हदबंदी कराया गया था, जिसमें नाम करके पत्थरगड़ी करायी गई थी, लेकिन विपक्षीगण-रामू पुत्र मोंदल आदि द्वारा पत्थर उखाड़कर फेंक दिया गया तथा सुबह मेड़ भी बाध लिए, जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित के विरूद्ध एफ0आई0आर0 दर्ज कर जेल भेजने की कार्यवाही करने के निर्देश दियें। इसी प्रकार शिकायतकर्ता श्री मुजफ्फर अब्बास पुत्र अली सगीर ग्राम-रसूलपुर सोनी तहसील मंझनपुर द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि आराजी संख्या-171क रकबा 0.1830 पर तालाब है, जिस पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में ही जॉच कराते हुए भूमि को तालाब के खाते में दर्ज करायी। इसी प्रकार ग्राम-ढेरहा परगना अथरवन तहसील मंझनपुर के गाटा संख्या-409/0.274, 411/1.164, 428/0.183/412/.080 कुल रकबा 1.701़+0.557हे0=2.258 हे0 भूमि पर ग्रामवासियों द्वारा ग्रामसभा की भूमि पर कब्जा कर लिया गया गया था, जिस पर जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में ही कार्यवाही कराते हुए भूमि को ग्रामसभा के खाते में दर्ज कराया। तहसील सिराथू में कुल 79 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 06 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा तहसील चायल में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 02 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजीत कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 संजय कुमार एवं उप जिलाधिकारी आकाश सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।
No comments:
Post a Comment