रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : 11वीं बटालियन एनडीआरएफ, वाराणसी के नियंत्रण कक्ष के निर्देशानुसार आज दिनांक 30.01.2026 को प्रयागराज जनपद के झूंसी क्षेत्र स्थित एसडीआरएफ भवन में *कॉलैप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू (CSSR)* परिदृश्य के अंतर्गत एक मॉक अभ्यास (मोबिलाइजेशन ड्रिल) का सफल आयोजन किया गया। अभ्यास की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ टीम 11(जे) ने DC कुलदीप सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक/जीडी अनिल कुमार के नेतृत्व में त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए प्रातः 11:40 बजे बेस कैंप से घटना स्थल के लिए प्रस्थान किया। टीम में कुल 30 कार्मिक (02 एसओ एवं 27 ओआर) शामिल थे, जो आवश्यक CSSR उपकरणों, संचार संसाधनों एवं अन्य रेस्क्यू सामग्री के साथ मौके पर पहुंचे। अभ्यास के दौरान यह परिकल्पना की गई कि एक भवन ढह गया है, जिसमें कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं। सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से बचाव कार्य किया गया। सिविल डिफेंस द्वारा 01, अग्निशमन विभाग द्वारा 01 तथा एसडीआरएफ द्वारा 03 पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके पश्चात एनडीआरएफ टीम 11(जे) ने मलबे में सुरक्षित पहुंच मार्ग बनाकर 03 अतिरिक्त पीड़ितों को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए पीड़ितों में से एक को स्ट्रेचर पर स्थिर कर तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु भेजा गया। दूसरे पीड़ित को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि तीसरे पीड़ित को फुल बॉडी हार्नेस की सहायता से रैपलिंग द्वारा सुरक्षित नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस अभ्यास में सिविल पुलिस (15), अग्निशमन विभाग (10), सिविल डिफेंस (10), स्वास्थ्य विभाग (08) तथा एसडीआरएफ (25) सहित कुल 63 कार्मिकों ने सहभागिता की। अभ्यास के सफल समापन के पश्चात एनडीआरएफ टीम 11(जे) को सायं 16:00 बजे बेस कैंप के लिए डी-इंडक्ट कर दिया गया। यह अभ्यास आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, अंतर-विभागीय समन्वय एवं बचाव क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।
No comments:
Post a Comment