रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : पुलिस अधीक्षक माघ मेला नीरज कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशों पर मेला क्षेत्र में बढ़ती भीड़ एवं आगामी स्नान पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मेला पुलिस द्वारा व्यापक सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में समस्त थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण किया जा रहा है तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर उन्हें उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक रूप से ब्रीफ किया जा रहा है। मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, स्नान घाटों, चौराहों/तिराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए सतर्क निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके। जल पुलिस द्वारा निरंतर घाटों का भ्रमण कर जल की गहराई का आकलन किया जा रहा है तथा डीप वॉटर बैरिकेडिंग के माध्यम से स्नान घाटों की मजबूती सुनिश्चित की जा रही है। संगम घाट सहित अन्य जल क्षेत्रों में नौ-संचालकों को नावों पर सवार प्रत्येक श्रद्धालु को लाइफ सेविंग जैकेट पहनाने एवं निर्धारित दर से अधिक किराया न वसूलने के लिए लगातार निर्देशित किया जा रहा है। थाना कल्पवासी, झूंसी, खाकचौक, प्राचीन गंगा, प्रयागवाल, उत्तरी झूंसी एवं नागवासुकी के थाना प्रभारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक माघ मेला के निर्देशों के क्रम में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मेला क्षेत्र में निवासरत कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। माघ मेला के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु मेला पुलिस पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।
No comments:
Post a Comment