रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा बुधवार को हरदोई में आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर नवनिर्मित गंगा एक्सप्रेस वे का लोकार्पण किया गया। जनपद प्रयागराज के ग्राम पंचायत-जुड़ापुर दाँदू, तहसील/विकास खण्ड- सोरांव में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल के द्वारा आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफाऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा उपस्थिति रहे। आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के जनपद-हरदोई में नवनिर्मित गंगा एक्सप्रेस वे के लोकार्पण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसको वहां पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगो के द्वारा देखा गया। आयोजित कार्यक्रम में सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल ने वहां पर उपस्थित लोगो को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण दिन है जब प्रधानमंत्री के कर-कमलों से आज देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे में से एक गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 के पूर्व जब हम अपने क्षेत्र में जाते थे, तो वहां के लोग यह कहते थे हमारी सड़के अच्छी नहीं है, गांव में बिजली नहीं होती थी, इससे एक निराशा का माहौल बन गया था, परंतु जब से प्रधानमंत्री ने देश की बागडोर सम्भाली है तब से उनके द्वारा सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ कार्य किया और देश में एक क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गांव-गांव तक विकास कार्यों को पहुंचाने का कार्य हुआ है। सभी वर्गों की देश के विकास में हिस्सेदारी सुनिश्चित हुई है। इसके साथ ही महिला सशक्तीकरण के लिए देश की आधी आबादी के साथ समानता का व्यवहार, उनके अधिकार व बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करने का काम किया है तथा आधी आबादी को और भी सशक्त व स्वावलम्बी बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। आज गांव-गांव में पानी की टंकियों के माध्यम से शुद्ध जल की सप्लाई सुनिश्चित हो रही है। गांवों में विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। गांवों में आवास योजनाओं के माध्यम से पक्के मकान दिए गए है। स्वयंसहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम हुआ है। माननीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन व माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रयागराज का चहुंमुखी विकास हुआ है, जिससे यहां पर विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त हुए है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस वे के शुरू होने से अब प्रयागराज से दिल्ली के सफर में समय की बचत होगी तथा लोग कम समय में प्रयागराज से दिल्ली आ जा सकेंगे। सांसद ने कहा कि जब सड़के बनेगी तभी विकास होता है, जब बिजली आयेगी तभी विकास होता है, जब उद्योग लगेंगे तभी विकास होगा, जब पक्के मकान बनेगे तभी विकास होता है। उन्होंने कहा कि जब यह सभी मूलभूत सुविधाएं नहीं होगी, तब विकास की संकल्पना भी नहीं की जा सकती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर तेजी के साथ अग्रसर है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हमारा प्रदेश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 में जब से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभाला है, तब से प्रदेश का चहुंमुखी विकास तेजी हो रहा है। प्रयागराज का नाम प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलो में सम्मिलित हुआ है, जो मील पत्थर साबित हो रहा है। उन्होंने कहा गंगा एक्सप्रेस वे के शुरू होने से रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे एवं कृषकों को भी लाभ मिलेगा। इस अवसर पर विधायक फूलपुर दीपक पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला प्रदेश बन गया है। जिस तरह त्रिवेणी में मां गंगा की अविरल धारा बह रही है ठीक उसी तरह से डबल इंजन की सरकार में प्रदेश के साथ-साथ प्रयागराज में भी विकास की धारा बह रही है। पूरे देश की निगाहे आज उत्तर प्रदेश की ओर है। उत्तर प्रदेश में विकास का वातावरण बना है, जिससे बड़े बड़े उद्यमी अपने उद्योग को यहां पर स्थापित करना चाहते है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले के प्रयागराज और अब के प्रयागराज में हम सभी को बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। किसानों, महिलाओं, युवाओं का सपना प्रदेश में साकार हो रहा है, तो इसके पीछे डबल इंजन सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति ही है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में देश व प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस वे, मेडिकल कालेज, हॉस्पिटल के साथ-साथ अन्य बड़ी परियोजनाओं के द्वारा प्रदेश का नित्य-निरंतर विकास हो रहा है। सड़कों के निर्माण से बेहतर कनेक्टीविटी मिलती है, आवागमन सुव्यवस्थित होता है, रोजगार के अवसर के साथ व्यापार में भी तेजी आती है। केन्द्र व प्रदेश सरकार में जो भी कार्य की शुरूआत होती है, उसे निर्धारित समय में गुणवत्ता पूर्ण ढंग से बिना भ्रष्टाचार के पूर्ण किया जाता है, जिसका शिलान्यास होता है, उसका लोकार्पण भी हमारी सरकार के द्वारा ही होता है। बेटिया कहीं भी किसी भी समय आ-जा सकती है। आज प्रदेश अपराध मुक्त प्रदेश बन चुका है, लोग बिना किसी भय के अपना कार्य स्वतंत्र तरीके से कर रहे है। इस अवसर पर मा0 गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री के पद संभालने के बाद ही नित नए कीर्तिमान वह अपने कार्यों से स्थापित कर रहे है। देश में बड़े-बड़े एक्सप्रेस वे, सड़कों का जाल बिछा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस वे को देश को समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की रूपरेखा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण में किसानों सहित अन्य सभी लोगो के सहयोग प्रदान करने के लिए आभार जताया। जिलाधिकारी ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस वे की कुल लम्बाई 594 किमी है। यह एक्सप्रेस वे कुल 12 जनपदों से होकर गुजरता है। उन्होंने बताया कि जनपद में गंगा एक्सप्रेस वे की कुल लम्बाई लगभग 16 किमी है। यह एक्सप्रेस वे 6 लेन में बना है, भविष्य में आवश्यकतानुसार इसे और भी बढ़ाया जा सकता है। इस एक्सप्रेस वे की चौड़ाई लगभग 120 मी0 है। इसको इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि इसपर 120 किमी की रफ्तार से गाड़िया चल सकती है। प्रयागराज में हर वर्ष माघ मेले का आयोजन होता है, छः वर्ष पर अर्धकुम्भ व 12 वर्ष पर कुम्भ का आयोजन होता है, इस एक्सप्रेस वे के निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुगमता आयेगी तथा व्यापार को बढ़ावा मिलेगा एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस वे को विकास का प्रतीक बताया। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में पंजीकृत कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रभाशंकर पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय शर्मा, जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, परियोजना निदेशक श्री भूपेन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह, डीसी मनरेगा, जुड़पुर दांदू ग्राम प्रधान चंचल मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डा प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।
No comments:
Post a Comment