रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने राजस्व टीम कौशाम्बी द्वारा “टॉप 10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान" अभियान के अंतर्गत आज तहसील सिराथू की ग्राम रामपुर सुहेला में आयोजित कैम्प में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का स्थलीय सत्यापन किया एवं ग्राम स्तर पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया। जिलाधिकारी ने कैम्प में आमजन की शिकायतों को सुना एवं भूमि विवाद से संबंधित आई.जी.आर.एस शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि आई.जी.आर.एस. एवं कैम्प में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण किया जाए। कैम्प में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने शिकायतकर्ता राम भजन की शिकायत पर ग्राम की गाटा संख्या 624 की धारा 116 के अंतर्गत मौके पर ही मेड़बन्दी कराया गया। इसी प्रकार शिकायतकर्ता रमाराम की शिकायत पर ग्राम की गाटा संख्या 849 की धारा 24 के अंतर्गत पैमाइश किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़ उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment