Thursday, July 9, 2026

मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


प्रयागराज : जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन व मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को संगम सभागार में मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के युवाओं को अधिकाधिक संख्या में मेरा युवा भारत से जोड़ने, विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा युवाओं के लिए आधुनिक कौशल विकास कार्यक्रमों के संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों एवं संबंधित विभागों को मेरा युवा भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लक्ष्य प्रदान किए। उन्होंने एस.एस. खन्ना डिग्री कॉलेज, सी.एम.पी. डिग्री कॉलेज, कुलभास्कर आश्रम डिग्री कॉलेज, यूनाइटेड विश्वविद्यालय तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का आह्वाहन किया। मुख्य विकास अधिकारी ने खेल विभाग, पंचायती राज विभाग सहित सभी रेखीय विभागों को निर्देशित किया कि वे मेरा युवा भारत के कार्यक्रमों में सक्रिय समन्वय स्थापित करते हुए ग्रामों, शिक्षण संस्थानों एवं समुदाय स्तर पर युवाओं को संगठित करें तथा नियमित गतिविधियों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पंजीकरण होने से जनपद के युवा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं, निबंध लेखन, अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रमों, स्वयंसेवी गतिविधियों, नेतृत्व विकास तथा अन्य नवाचार आधारित कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। बैठक में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए युवाओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं रोबोटिक्स आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष बल दिया गया। इस संबंध में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज तथा मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज के सहयोग से कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं रोबोटिक्स प्रयोगशालाओं की स्थापना तथा आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई, जिससे जनपद के युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ते हुए रोजगार, नवाचार एवं उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। बैठक के अंत में मेरा युवा भारत प्रयागराज की उप निदेशक जागृति पाण्डेय ने मेरा युवा भारत द्वारा आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले युवा कार्यक्रमों, स्वयंसेवी अभियानों, कौशल विकास गतिविधियों तथा जनभागीदारी आधारित आयोजनों की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी विभागों एवं शिक्षण संस्थानों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग एवं समन्वय प्रदान करने का अनुरोध किया। बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण भूपेन्द्र कुमार सिंह, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक अजय गिरी, राष्ट्रीय सेवा योजना, एस.एस. खन्ना डिग्री कॉलेज की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रश्मि सिंह, हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के डॉ. ऋषि प्रताप सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी चन्द्रकांत सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के डॉ. अरविन्द कुमार मिश्रा, डॉ. स्वाति श्रीवास्तव (एस.पी.एम. कॉलेज), डॉ. रमेश सिंह (यूनाइटेड विश्वविद्यालय), जिला क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव, डॉ. यशवंत कुमार (सी.एम.पी. डिग्री कॉलेज), उत्तर प्रदेश कौशल विकास विभाग के प्रतिनिधि तथा जिला संस्कृति अधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS