Monday, July 6, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग के प्रयागराज मंडल के कार्यों की समीक्षा की...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


प्रयागराज : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में लोक निर्माण विभाग के प्रयागराज मंडल के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के प्रारम्भ में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग ने  गत वर्ष स्वीकृत परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराते हुए वर्ष 2026-27 के लिए विधानसभा-वार प्रस्तावित विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इसके उपरांत माननीय मुख्यमंत्री जी ने प्रयागराज मंडल की कुल 28 विधानसभा क्षेत्रों-प्रयागराज की 12, प्रतापगढ़ की 7, फतेहपुर की 6 तथा कौशाम्बी की 3 विधानसभा से प्राप्त प्रस्तावों की क्रमवार समीक्षा की तथा सभी जनप्रतिनिधियों से उनके सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए। मुख्यमंत्री जी के द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए प्रयागराज जनपद में लगभग ₹9,668.27 करोड़ की लागत से प्रस्तावित 1,168 कार्यों, प्रतापगढ़ में लगभग ₹2,053.36 करोड़ की लागत के 1,092 कार्यों, फतेहपुर में लगभग ₹3,378.37 करोड़ की लागत के 521 कार्यों तथा कौशाम्बी में लगभग ₹915.13 करोड़ की लागत के 313 विकास कार्यों को अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में प्रयागराज में शास्त्री पुल के समानांतर सलोरी/बघाड़ा से हेतापट्टी मार्ग पर गंगा पुल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना का साइट मोबिलाइजेशन पूर्ण हो चुका है तथा डिजाइन एवं ड्राइंग तैयार है। इस पर मुख्यमंत्री जी ने परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने, आईआईटी से आवश्यक तकनीकी परीक्षण कराते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ सतत् समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में करैलाबाग से मड़ौका मार्ग पर पुराने नैनी पुल के समानांतर प्रस्तावित नए यमुना पुल, जिसे भविष्य में बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की परिकल्पना है, की भी समीक्षा की गई। इस दौरान मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित अलाइनमेंट में सुधार के संबंध में सुझाव दिए गए। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी  जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यवहारिक एवं जनहितकारी दृष्टिकोण से अलाइनमेंट का पुनः परीक्षण करें तथा आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करें। बैठक में हंडिया (लाक्षागृह घाट) को यमुनापार स्थित मेजा (परानीपुर घाट) से जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यह परियोजना हंडिया, लाक्षागृह, पृथ्वीपुर, मुगलिया एवं दुल्लापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधे मेजा एवं मिर्जापुर मार्ग से जोड़ते हुए आवागमन को अधिक सुगम बनाएगी। मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तृत एवं तकनीकी रूप से सक्षम प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए समीक्षा के दौरान कांवड़ यात्रा के समय शास्त्री पुल पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से पुल के समानांतर कांवड़ पथ विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया। माननीय मुख्यमंत्री जी ने इस प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे कांवड़ यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित होने के साथ-साथ सामान्य यातायात एवं व्यापारिक गतिविधियां भी निर्बाध रूप से संचालित रह सकें। मुख्यमंत्री ने विधानसभावार प्राप्त विकास प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी मा0 सांसद और विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जाए, जो निर्माण कार्य सबसे ज्यादा जरूरी हो उसका प्रस्ताव सबसे पहले प्राथमिकता पर दें। 


मुख्यमंत्री ने विधानसभावार प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। यदि किसी प्रस्ताव में संशोधन या नया सुझाव देना हो तो उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर मंजूरी दी जा सके। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी प्रक्रियाएं तय समय सीमा में पूरी हों। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 15 अगस्त तक सभी स्वीकृत विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही उन्होंने परियोजनाओं की नियमित और प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जा सकें। माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो भी जनप्रतिनिधिगण है उनके गांव की सड़क को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उसका गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक परियोजना की सतत् निगरानी की जाए और निर्धारित मानकों के अनुसार कार्यों को समय पर पूरा कराया जाए। बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी, सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, सांसद भदोही विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ बीके सिंह, महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, विधायक शहर पश्चिम सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक शहर उत्तर हर्ष वर्धन वाजपेयी, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफामऊ  गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक करछना पियूष रंजन निषाद, विधायक पूजा पाल, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव, सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य सम्बंधित जनपदों के जनप्रतिनिधिगणों के अलावा प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा, पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज, पीडब्लूडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Friday, July 3, 2026

कमिश्नरेट प्रयागराज के जनसाधारण, अग्नि सुरक्षा एवं जीवरक्षा के संबंध में गोष्ठी आयोजित हुई

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : कमिश्नरेट प्रयागराज में संचालित समस्त प्रतिष्ठानों यथा आवासीय/अनावासीय/व्यापारिक/चिकित्सीय/शैक्षणिक/ औद्योगिक आदि में अग्नि सुरक्षा एवं जीव रक्षा व्यवस्था के अनुक्रम में स्थापित एवं संचालित करने तथा अधिभोगियो / जनसाधारण में अग्निसुरक्षा एवं जीवरक्षा के सम्बन्ध में जनजागरण के उद्देश्य से त्रिवेणी सभागार रिजर्व पुलिस लाइन प्रयागराज में गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कमिश्नरेट प्रयागराज में संचालित समस्त प्रतिष्ठानों के व्यापार मण्डल, एसोसिएशन इत्यादि के पदाधिकारियों तथा संचालकों द्वारा प्रतिभग किया गया। गोष्ठी का शुभारम्भ पुलिस उपायुक्त नगर श्री मनीष शांडिल्य द्वारा किया गय, जिसमें उन्होंने अपने उद्द्घोषण मे समस्त प्रतिभागीयों से अग्नि सुरक्षा एवं जीव रक्षा व्यवस्थाओं को मानकों के अनुक्रम में स्थापित एवं संचालित करने का आह्वाहन किया तथा कमिश्नरेट प्रयागराज के समस्त व्यापारिक / औद्यौगिक संगठनों से अग्निसुरक्षा के प्रति उनके स्टाफ तथा सम्बन्धित वर्ग में जागरूकता फैलाने हेतु निर्देशित किया। गोष्ठी में. मुख्य अग्निशमन अधिकारी कमिश्नरेट प्रयागराज श्री चन्द्र मोहन शर्मा ने अग्नि सुरक्षा एवं जीव रक्षा प्रणाली, भवन की ढाँचागत व्यवस्थाओं, प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा सम्बन्धी उपायो एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं के प्रति प्रतिष्ठान स्वामियों / अधिष्ठाताओं के कर्तव्य आदि के सम्बन्ध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया जिसमें उनके द्वारा बदलते वातावरण एवं स्थलीय परिस्थितियों के दृष्टिगत पुराने भवनों / संस्थानों में ढॉचागत व्यवस्थाओं तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में बदलाव लाने हेतु उपस्थित जनों को विस्तार से बताया, साथ ही प्रतिष्ठानों में विद्युत सुरक्षा की उपयोगिता एवं विद्युत सम्बन्धी अग्नि दुर्घटनाओ के सम्बन्ध में भी महत्वपूर्ण बाते उपस्थित जनों को बतायी। अग्नि सुरक्षा एवं जीवरक्षा गोष्ठी में भिन्न भिन्न संगठनों के लगभग 250 पदाधिकारियों तथा संचालकों द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा गोष्ठी में प्रयागराज विकास प्राधिकरण, विद्युत सुरक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं अग्निशमन तथा आपात सेवा विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया जिसमें संगठनों के पदाधिकारियों/ संचालकों के प्रश्नों / समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में स्थल पर ही विस्तार से चर्चा की गयी गोष्ठी में उपस्थित समस्त पदाधिकारियों / संचालको द्वारा उनकी समस्याओं के समाधान के दृष्टिगत प्रशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में अपने तथा अपने एसोसिएशन की तरफ से पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।

भाजपा यमुना पट्टी मंडल अध्यक्ष श्रवण पाल की अध्यक्षता में मासिक बैठक संपन्न हुई

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : भारतीय जनता पार्टी महानगर प्रयागराज पश्चिम विधानसभा में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रवण पाल की अध्यक्षता में यमुना पट्टी मंडल की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता पट्टीमंडल के प्रभारी आदरणीय राजेंद्र मिश्रा, राजेश सिंह पटेल महानगर अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा, श्रवण पाल मंडल अध्यक्ष यमुना पट्टी भाजपा, राम जी शुक्ला मंडल प्रवासी मनजीत कुशवाहा पंचायत प्रकोष्ठ सहसंयोजक महानगर ज्ञान बाबू केसरवानी पूर्व मंडल अध्यक्ष मंडल महामंत्री आलोक सिंह पटेल, मंडल  उपाध्यक्ष राहुल कुशवाहा, दिलीप सिंह पटेल, नितेश सिंह, संजय केसरवानी, कमलेश कुमार उर्फ पप्पू केसरवानी, मुरारी लाल भारतीय, और मंडल के मंत्री भीम पासी ,दिव्य गौड़, कमलेश मिश्रा, विपिन साहू, शैलेंद्र द्विवेदी, श्याम पाल एवं रवि निषाद सेक्टर प्रभारी अभिषेक सिंह सेक्टर प्रभारी और मंडल कोषाध्यक्ष कुलदीप साहू और सम्मानित भाजपा कार्यकर्ता बंधुगण उपस्थित रहे।

Thursday, July 2, 2026

कृतिका केसरवानी मनौरी बाजार का नाम किया रोशन...

रिपोर्ट- मनोज सोनी


कौशाम्बी :  उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (UPCATET) 2026 के पीएचडी पाठ्यक्रम के परिणामों में मनौरी बाजार जनपद कौशाम्बी निवासी होनहार  छात्रा कृतिका केशरवानी पुत्री सुधीर केसरवानी ( अध्यक्ष व्यापार मंडल मनौरी) ने मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी* विषय में पूरे प्रदेश में चौथा स्थान* प्राप्त कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा में हजारों अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था। अत्यंत प्रतिस्पर्धी माने जाने वाले मॉलिक्यूलर बायोलॉजी विषय में चौथी रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। इस शानदार सफलता पर छात्रा ने कहा, _"यह मेरी कड़ी मेहनत, माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और मनौरी बाजार के सभी शुभचिंतकों की दुआओं का परिणाम है। मेरा लक्ष्य कृषि जैव प्रौद्योगिकी में शोध कर किसानों के लिए नई तकनीकें विकसित करना है परिवार और ग्रामवासियों में खुशी की लहर है। परिजनों ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रा ने दिन-रात मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया है। इस रैंक के आधार पर सीएसएयूएटी कानपुर, एसवीपीयूएटी मेरठ या एनडीयूएटी अयोध्य जैसे शीर्ष कृषि विश्वविद्यालयों में पीएचडी में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त हो गया है स्थानीय लोगों एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मनौरी बाजार से निकलकर प्रदेश स्तर पर नाम कमाने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

पुलिस कमिश्नर व जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए बनाये गये परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार व जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के द्वारा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा दिनांक 02, 03 एवं 04 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2026 परीक्षा के प्रथम दिवस पर परीक्षा को निर्धारित प्रक्रियानुसार सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष, नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत गुरूवार को श्री रणजीत पंडित इण्टर कालेज, केपी गर्ल्स इण्टर कालेज, द्वारका प्रसाद गर्ल्स इण्टर कालेज सहित विभिन्न विद्यालयों में बनाये गये परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, पहचान सत्यापन प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंध, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश एवं विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, केन्द्र व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी, संवेदनशीलता व निर्धारित गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु नियुक्त सेक्टर मजिस्टेªटों को परीक्षा अवधि के दौरान अपने सेक्टर के परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को सकुशलढंग से सम्पन्न कराने एवं परीक्षा की समाप्ति के उपरांत परीक्षा सामग्री को जमा कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त स्टैटिक मजिस्टेªटों को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें एवं अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाये हुए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरो के माध्यम से हो रही मॉनिटरिंग को भी देखा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारिया प्राप्त की तथा परीक्षा में तैनात कार्मिकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल एवं सकुशल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

शलूट के अभियोग से संबंधित 02 अभियुक्त कोई थाना करैली पुलिस व एसओजी नगर टीम ने किया गिरफ्तार...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : थाना करैली पुलिस व एसओजी नगर  की संयुक्त टीम द्वारा सर्विलांस सेल नगर के सहयोग से थाना स्थानीय के पंजीकृत मु0अ0सं0 123/206 धारा 309(4)/317(2) बीएनएस में प्रकाश में आये 02 अभियुक्तों  1. शमशेर उर्फ ट्रेक्टर पुत्र अहमद निवासी ग्राम लखनपुर थाना एयरपोर्ट जनपद प्रयागराज 2. राजेन्द्र भारतीया पुत्र भूल्लू भारतीया निवासी नुमाया डीह थाना एयरपोर्ट जनपद प्रयागराज को आज दिनांक 02.07.2026 को एलिना सीटी के पास के पास थाना क्षेत्र करैली से गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से लूट के कुल 13,700/- रूपये नकद, 01 मोटरसाइकिल व 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया । गिरफ्तारी/बरामदगी के आधार पर उक्त अभियोग मे धारा 312(2) बीएनएस की बढोत्तरी की गयी । नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी। घटना का संक्षिप्त विवरण- वादी मुकदमा श्री मिथिलेश कुमार पुत्र बच्चन लाल निवासी डाही नुमाया एयरपोर्ट जनपद प्रयागराज द्वारा थाना करैली पुलिस को सूचना दी गयी कि दिनांक 21.06.2026 को समय सुबह करीब 4.30 बजे जब वे अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से महेवा बाजार जा रहे थे तभी करामात चौकी के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात अभियुक्त उनसे पैसे छीनकर भाग गये । उक्त सूचना पर थाना करैली पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मु0अ0सं0 123/206 धारा 309(4) बीएनएस पंजीकृत किया गया तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। उल्लेखनीय है कि अभियुक्त राजेन्द्र भारतीया उपरोक्त वादी मुकदमा का चचेरा भाई है । जिसके द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर यह घटना कारित की गयी थी।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण- 1. शमशेर उर्फ ट्रेक्टर पुत्र अहमद निवासी ग्राम लखनपुर थाना एयरपोर्ट जनपद प्रयागराज उम्र करीब 20 वर्ष। 2. राजेन्द्र भारतीया पुत्र भूल्लू भारतीया निवासी नुमाया डीह थाना एयरपोर्ट जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 24 वर्ष। संबंधित अभियोग का विवरण- मु0अ0सं0 123/206 धारा 309(4)/317(2) बीएनएस थाना करैली कमि0 प्रयागराज। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास- A. अभियुक्त शमशेर उर्फ ट्रेक्टर का अपराधिक इतिहास–  1. मु0अ0सं0 126/2025 धारा 115(2)/191(2)/324(4)/351(2) बीएनएस  व 352 बीएनएसएस थाना एयरपोर्ट कमि0 प्रयागराज। 2. मु0अ0सं0 123/2025 धारा 309(4)/317(2) बीएनएस  थाना करैली कमि0  प्रयागराज। बरामदगी का विवरण- कुल 13,700/- रूपये नकद, 01 मोटरसाइकिल व 01 मोबाइल फोन गिरफ्तारी/बरामदगी करने वाली पुलिस टीम- A. थाना करैली पुलिस टीम- 1. उ0नि0 आशीष सिंह थाना प्रभारी करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 2. उ0नि0 महेन्द्र सिंह थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 3. उ0नि0 रमेश सिंह थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 4. उ0नि0 बृजेश कुमार सरोज थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 5. का0 सुमित कुमार सिंह थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 6. का0 युवराज सिंह थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 7. का0 शिवम अग्रवाल थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 8. रि0का0 अमरजीत सरोज थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। 9. रि0का0 अंकित कुमार थाना करैली कमिश्नरेट प्रयागराज। B. एसओजी नगर टीम- 1. उ0नि0 मनोज कुमार सिंह कमिश्नरेट प्रयागराज।.2. हे0का0 सिर्ध्दाथ शंकर राय कमिश्नरेट प्रयागराज। 3. हे0का0 बृजेन्द्र सिंह कमिश्नरेट प्रयागराज। 4. हे0का0 विवेक मणि त्रिपाठी कमिश्नरेट प्रयागराज। 5. हे0का0 बंधन कमिश्नरेट प्रयागराज।.6. हे0का0 अरविन्द सिंह कमिश्नरेट प्रयागराज। 7. का0 शुभम पटेल कमिश्नरेट प्रयागराज। 8. का0 अंकित सिंह कमिश्नरेट प्रयागराज। 9. का0 नीरज सिंह कमिश्नरेट प्रयागराज। 10. का0 निहाल राय कमि0 प्रयागराज।11. का0  अरविन्द यादव कमि0 प्रयागराज। C. सर्विलांस सेल पुलिस टीम- 1. उ0नि0 सच्चिदानंद सिंह, प्रभारी सर्विलांस सेल नगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज। 2. का0 सौरभ उत्तम, सर्विलांस सेल नगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज। 3. का0 चन्दन शर्मा, सर्विलांस सेल नगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज। 4. का0 ब्रह्मानंद, सर्विलांस सेल नगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज। 5. का0 मुकेश यादव, सर्विलांस सेल नगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज। 6. का0 राहुल कनौजिया, सर्विलांस सेल नगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज।

जी राम जी योजना अन्तर्गत 125 दिन का रोजगार व प्रतिदिन 300 रूपये श्रमिकों को मिलेगी पारिश्रमिक की गारंटी, 7 दिन में होगा पारिश्रमिक का भुगतान- उपमुख्यमंत्री

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरूवार को मोती लाल नेहरू इंजीनियरिंग कालेज के ऑडिटोरियम में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) ‘‘वीबी जी राम जी’’ योजना ‘‘लांच’’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना के राष्ट्रीय स्तर पर ‘‘लांच’’ कार्यक्रम तिरूपति, आन्ध्र प्रदेश में किया गया, जिसका मोती लाल नेहरू इंजीनियरिंग कालेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सजीव प्रसारण भी किया गया। इस अवसर पर बीबीएस कालेज के छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी। आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री के द्वारा लाभार्थिंयों को प्रशंसा पत्र, स्वीकृति पत्र एवं आवास योजना के लाभार्थियों को चाभी प्रदान की गयी। राष्ट्रीय स्तर पर तिरूपति में आयोजित कार्यक्रम में माननीय केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के लोगो से जी राम जी योजना के विषय पर संवाद कार्यक्रम में जनपद प्रयागराज के विकास खण्ड कौड़िहार निवासी श्री रंजीत कुमार मौर्या के द्वारा एमएनआईटी में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से योजना के बारे में संवाद किया गया। आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सम्बोधन में वीबी जी राम जी योजना के लांचिंग की सभी को बधाई देेते हुए कहा कि वीबी जी राम जी योजना के अन्तर्गत कार्य करने वाले श्रमिकों के पारिश्रमिक को 252 रूपये से बढ़ाकर 300 रूपये प्रतिदिन कर दिया गया है। कहा कि मनरेगा के तहत पहले 100 दिन रोजगार की गारंटी मिलती थी, परंतु जी राम जी योजना के अन्तर्गत इसे बढ़ाकर 125 दिन रोजगार की गारंटी उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा में लीकेज था, जिसके कारण बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब वीबी जी राम जी योजना के तहत लीकेज को रोकने के लिए प्रावधान बनाये गये है, जिससे भ्रष्टाचार खत्म होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लक्ष्य के साथ-साथ अब हमारा लक्ष्य विकसित ग्राम सभा बनाने का है। पहले श्रमिकों को मनरेगा योजना के तहत उनके पारिश्रमिक का भुगतान 15 दिनों में किया जाता था, अब इस योजना के अन्तर्गत 7 दिनों में श्रमिकों के पारिश्रमिक भुगतान की व्यवस्था बनायी गयी है। उन्होंने बताया कि जी राम जी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को 125 दिन की वैधानिक मजदूरी, रोजगार गारंटी प्रदान करने, ग्रामीण विकास ढांचे को विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण के साथ संरेखित करना है। जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी और उत्पादक रोजगार सृजन करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और संवर्धन, ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों की आर्थिक भागीदारी मे वृद्धि तथा स्थानीय स्तर पर टिकाउ परिसम्पतियों का सृजन है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि  प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के 80 करोड़ लोगो को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जी राज जी योजना के लाभार्थियों को अन्य विभिन्न योजनाओं के लाभ से भी लाभान्वित किए जाने की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास बनाने में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामसभा में भी अब सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है। यदि ग्राम सभा में किसी पात्र लाभार्थी को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास के तहत चिन्हित किया गया है और उसके पास जमीन नहीं है, तो डबल इंजन की सरकार उस लाभार्थी को जमीन का पट्टा के माध्यम से उसको जमीन उपलब्ध कराकर उसका मकान बनवाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में गरीबों को अमीर बनाने का कार्य किया जा रहा है। सरकार अन्तिम पायदान के व्यक्ति के साथ खड़ी है, हर पात्र लाभार्थी को केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अमृत सरोवरों के निर्माण का कार्य जी राम जी योजना के तहत कराया जायेगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगो को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अमृत सरोवर बनाने में उत्तर प्रदेश का देश में प्रथम स्थान है। कहा कि ग्राम स्तर पर बैठक कर ग्राम सभा के विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनायी जाये और उसके अनुरूप कार्य किया जाये, जिससे कि ग्राम सभा को विकसित ग्राम सभा बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पारदर्शी तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। अब सभी श्रमिकों के पारिश्रमिक का भुगतान उनके खाते में पारदर्शी तरीके से समय से पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के अन्तर्गत श्रमिकों को प्रशिक्षण प्रदान करके आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे वे श्रमिक से आगे बढ़कर राजमिस्त्री या अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ सके। ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए सरकार के द्वारा लोकल स्तर पर इस योजना के अन्तर्गत लोगो को काम उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य और संकल्प है कि प्रदेश में एक भी कच्चा मकान न रहे, इसके लिए सभी पात्र लाभार्थिंयों को चिन्हित कर उनको आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराये जा रहे है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आर्थिक महाशक्ति बन रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार उद्यमियों और व्यापारियों को हर-सम्भव सहायता प्रदान कर उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित कर रही है, इसी का परिणाम है कि प्रदेश में पहले से कई गुना ज्यादा निवेश हो रहा है और टैक्स कलेक्शन भी कई गुना बढ़ा है, जिससे देश व प्रदेश समृद्धि की ओर अग्रसर है। देश व प्रदेश में समूह की दीदियों को स्वावलम्बी व आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण प्रधानमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। कहा कि सरकार के द्वारा कानून व्यवस्था को चुस्त-दूस्स्त बनाने का कार्य किया गया है, जिससे कि सभी को सुरक्षा का माहौल मिला है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के सिंह, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, डॉ0 के0पी0 श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, परियोजना अधिकारी भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, उपायुक्त श्रम रोजगार गुलाब चंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS