रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को एनआईसी कक्ष में भारत की जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के सम्बंध में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया की यह भारत की पहली ऐसी जनगणना होगी, जिसमें जनगणना आंकड़ो का संग्रहण डिजिटल उपकरणों/माध्यमो से किया जायेगा। प्रगणको द्वारा विशिष्ट मोबाइल एप्लीकेशन का प्रयोग करते हुये परिवारों से आंकड़ो का संग्रहण स्वयं स्मार्टफोन पर किया जायेगा। इसके साथ ही परिवारो को एक निर्दिष्ट वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के समय प्रगणक मुख्य रूप से मकानो की स्थिति, परिवारो को उपलब्ध सुविधाआंे तथा परिसंपत्तियो से सम्बन्धित आंकड़े एकत्र किये जायेंगे। उन्होने बताया है कि जनगणना 2027 के लिये आधिकारिक रूप से नियुक्त व्यक्ति के अतिरिक्त किसी भी अनधिकृत व्यक्ति से किसी भी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें या जनगणना रिकार्ड देखने की अनुमति न दें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण शुरू होने से पहले सभी स्तरों पर प्रगणक और सुपरवाइजर की ड्यूटी सीएमएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाये। उन्होंने इस सम्बन्ध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये गये। उन्होंने कहा कि सभी प्रगणकों का प्रशिक्षण 30 अप्रैल के पूर्व करा लिया जायेे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपेक्षित तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से पूरी करें। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य हेतु सम्बंधित कार्मिक की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र के पास ही लगायी जाये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनगणना दायित्व का निर्वहन सटीकता, तटस्थता, सुचिता तथा राष्ट्र सेवा की दृढ़ भावना से करें। जनगणना कार्य संबंधित तैयारी समय से पूरी की जाए, इसमें कोई लापरवाही न बरती जाये। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना 2027 में जनगणना कर्मियों को सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि जनगणना के लिए स्वगणना की भी सुविधा इस बार प्रदान की गई है। निर्धारित पोर्टल पर आम आदमी अपना तथा अपने परिवार की सूचना भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रश्नों का उत्तर भरकर अपलोड कर सकते है। उससे जो आई०डी प्राप्त होगी, उस आई०डी को प्रगणक को दिखाना होगा। जिलाधिकारी के द्वारा संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि जिला स्तरीय अधिकारी अपने तहसील स्तर के विभागों को यह निर्देशित करें कि प्रगणकों/सुपरवाईजों के रूप में नियुक्त किये जाने हेतु कर्मचारियों का डेटा निर्धारित प्रारूप पर तैयार कराकर अपने सम्बन्धित तहसीलदार /अधिशाषी अधिकारियों, कण्टूनर्मेण्ट बोर्ड एवं नगर निगम प्रयागराज को यथाशीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर नगर आयुक्त सांई तेजा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी रवि शंकर द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष सिंह, सहायक निदेशक जनगणना जे0के0 श्रीवास्तव सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment