Monday, June 8, 2026

मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने की स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत प्रयागराज हेतु व्यापक सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान तैयार करने पर मंथन

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


प्रयागराज : शहरी लॉजिस्टिक्स को सुदृढ़ बनाने तथा फ्रेट परिवहन व्यवस्था को अधिक कुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा चयनित 75 फ्रेट स्मार्ट शहरों में प्रयागराज को भी शामिल किया गया था। इसी क्रम में जनपद के लिए व्यापक सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान तैयार किए जाने के संबंध में मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में सिटी लॉजिस्टिक्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रयागराज में फ्रेट मूवमेंट को अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने तथा शहर में यातायात दबाव कम करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अयोध्या रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर, रीवा रोड पर ट्रक टर्मिनल-1, कानपुर रोड पर ट्रक टर्मिनल-2, झांसी मार्ग पर ट्रक टर्मिनल-3 तथा सूबेदारगंज के निकट ट्रक पार्किंग विकसित किए जाने के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त नैनी एवं लखनऊ रोड पर वेयरहाउस विकसित करने तथा लखनऊ रोड, अयोध्या रोड एवं मुंडेरा मंडी के समीप विभिन्न स्थानों पर कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। झूंसी में थोक बाजार तथा नैनी क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित किए जाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। बैठक में प्रस्तुत रिपोर्ट के माध्यम से बताया गया कि भारत की अर्थव्यवस्था में शहरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में शहरी क्षेत्रों का योगदान 63 प्रतिशत से अधिक है। तीव्र आर्थिक विकास एवं शहरीकरण के कारण शहरी फ्रेट परिवहन की मांग निरंतर बढ़ रही है तथा वर्ष 2030 तक इसमें लगभग 140 प्रतिशत वृद्धि होने का अनुमान है। यदि शहरी फ्रेट परिवहन प्रणाली का समुचित नियोजन एवं प्रभावी प्रबंधन नहीं किया गया तो अनावश्यक यात्राओं, बढ़ते यातायात दबाव, उच्च लॉजिस्टिक्स लागत तथा पर्यावरणीय चुनौतियों जैसी समस्याएं और अधिक गंभीर हो सकती हैं। भारत सरकार द्वारा फ्रेट स्मार्ट सिटीज योजना के माध्यम से 75 शहरों में वैज्ञानिक एवं कुशल फ्रेट परिवहन व्यवस्था विकसित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत शहरों एवं शैक्षणिक संस्थानों के मध्य क्षमता विकास संबंधी सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान तैयार करने हेतु तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही, फ्रेट परिवहन दक्षता के आधार पर शहरों की प्रगति के आकलन, अनुश्रवण एवं रैंकिंग के लिए विभिन्न सूचकांक (इंडिकेटर्स) भी विकसित किए जाएंगे। प्रयागराज को उत्तर प्रदेश के सात प्रमुख फ्रेट स्मार्ट शहरों—आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ, गाजियाबाद एवं मेरठ—के साथ विस्तृत सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान तैयार करने हेतु चयनित किया गया है। इसका उद्देश्य शहर में फ्रेट मूवमेंट की दक्षता बढ़ाना, आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करना, सुरक्षित एवं सुगम शहरी वातावरण सुनिश्चित करना तथा न्यूनतम लागत पर अधिकतम विश्वसनीयता के साथ लॉजिस्टिक्स सेवाएं उपलब्ध कराना है। बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि उत्तर प्रदेश ने एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रधानमंत्री गतिशक्ति प्लेटफॉर्म के माध्यम से अंतिम छोर (लास्ट-माइल) की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने, आर्थिक क्षेत्रों एवं औद्योगिक पार्कों को बेहतर अवसंरचनात्मक सुविधाओं से जोड़ने तथा व्यापार एवं उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही भंडारण एवं हैंडलिंग क्षमता में वृद्धि, परिवहन समय में कमी तथा समग्र लॉजिस्टिक्स लागत को कम करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में भी फसल कटाई के उपरांत होने वाली हानियों को कम करने के लिए वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज एवं अन्य आवश्यक अवसंरचनात्मक सुविधाओं के विकास के साथ-साथ मल्टीमोडल परिवहन एवं ट्रांसफर प्रणाली को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे कृषि उत्पादों की लागत प्रभावी एवं त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। बैठक में मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत एवं गहन अध्ययन करते हुए उनसे जुड़े सभी हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया जाए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार संबंधित हितधारकों को अगली बैठक में आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही, सभी प्रस्तावों का विस्तृत प्रारूप तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा, ताकि उनका सम्यक परीक्षण कर आवश्यक संस्तुति सहित विस्तृत विवरण अग्रेतर कार्यवाही हेतु शासन को प्रेषित किया जा सके।

No comments:

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS