रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को संगम सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा सुरक्षा समिति एवं जिला पर्यावरण की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रोपित पौधों की सुरक्षा एवं उनके समुचित रखरखाव की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि रोपित पौधों के संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी विभाग नियमित रूप से पौधों की जीवितता सुनिश्चित करें। बैठक में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रोपित पौधों की जियो-टैगिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि जियो-टैगिंग का कार्य समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए, जिससे पौधारोपण कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण एवं सत्यापन सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग निर्धारित प्रारूप में समस्त अभिलेख एवं सूचनाएँ शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में समस्त विभागों द्वारा कराए गए वृक्षारोपण का मासिक सत्यापन कर प्रत्येक माह की 20 तारीख तक पौधों की जीवितता संबंधी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सत्यापन कार्य सॉफ्ट-10 डैशबोर्ड पर अपेक्षित मासिक सूचना के अनुरूप नियमित रूप से अद्यतन किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, देखभाल एवं जीवितता सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है । उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला गंगा समिति की समीक्षा करते हुए प्रभागीय निदेशक श्री अरविंद कुमार यादव द्वारा नमामि गंगे के अंतर्गत नुमायां डाही आर्द्रभूमि के संरक्षण एवं समेकित प्रबंधन पर चर्चा की गई। इस दौरान गंगा टास्क फोर्स द्वारा रिवर मैपिंग, सर्विलांस, पेट्रोलिंग एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से संरक्षण कार्यों में सहयोग करने, जिला पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के सीवेज डिस्पोजल एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा डीसी, एनआरएलएम द्वारा ग्राम भ्रमण कर स्थानीय समुदाय की सहभागिता बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त मत्स्य विभाग सहित संबंधित विभागों के समन्वय से वेटलैंड संरक्षण हेतु समग्र कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जल निगम (ग्रामीण) को शहरी नालों की टैपिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों के नालों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मा० राष्ट्रीय हरित अधिकरण, नई दिल्ली के आदेशों के अनुपालन में जनपद प्रयागराज में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम की प्रगति एवं क्रियान्वयन तथा प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के विरुद्ध की गई कार्यवाही की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वायु गुणवत्ता सुधार हेतु संचालित विभिन्न कार्य योजनाओं, वायु गुणवत्ता निगरानी, जन-जागरूकता कार्यक्रमों, हरित क्षेत्र विस्तार एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर निगम, पुलिस विभाग एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध की गई छापेमारी, जब्ती एवं विधिक कार्यवाही की जानकारी प्रस्तुत की गई। माननीय अध्यक्ष महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि नियमित प्रवर्तन अभियान चलाकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को प्रतिबंधित मांझा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी श्री अरविंद यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, जिला स्तरीय समिति के सदस्य एवं वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment