Monday, July 6, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य स्मृति स्थल-‘‘प्रेरणा स्थल’’ का किया लोकार्पण, महानविभूतियों की प्रतिमाओं का बटन दबाकर किया अनावरण...

रिपोर्ट : ईश्वर दीन साहू


प्रयागराज : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा सोमवार को जनपद प्रयागराज के कालीघाट पर डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के स्मृति पखवाड़ा के अवसर राष्ट्र निर्माण की प्रेरणाओं को समर्पित भव्य स्मृति स्थल-‘‘प्रेरणा स्थल’’ का लोकार्पण एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली महानविभूतियों-प्रखर राष्ट्रवादी डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं भारतीय संस्कृति के संवाहक श्री अशोक सिंघल की नगर निगम द्वारा स्थापित प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। माननीय मुख्यमंत्री जी ने प्रेरणा स्थल पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, आजीविका स्वयं सहायता समूह, बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन करते हुए विभागों से सम्बंधित योजनाओं, कार्यों एवं कार्यक्रमों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के द्वारा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (आसरा) के सहयोग से 6 दिव्यांगजन लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के द्वारा लगाये गये स्टॉल पर जाकर तीन बच्चों-समृद्धि जायसवाल, वेद एवं श्रीवंश त्रिपाठी को अपने गोद में उठाकर उन्हें दुलारा तथा अपने हाथों से मस्तक पर टीका लगाया एवं उन्हें खीर खिलाकर अन्न प्राशन कराया। उन्होंने दो महिलाओं- प्रतीक्षा श्रीवास्तव व शिल्पी की गोदभराई भी की। मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा लगाये गये स्टॉल पर स्कूल चलों अभियान के अन्तर्गत 5 बच्चों को स्कूल बैग, किताबें, स्टेशनरी किट व चाकलेट दिया। मुख्यमंत्री ने नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा में तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा दिए जाने हेतु विद्यालयों में बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा स्थापित करायी गयी साइंस लैब से सम्बंधित क्यूरियोसिटी कार्नर स्टॉल का अवलोकन करते हुए बच्चों से शिक्षा क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों के बारे में संवाद किया। तत्पश्चात मा0 मुख्यमंत्री जी ने यमुना में आयोजित एकता नौका रेस प्रतियोगिता को झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण  व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ‘‘प्रेरणा स्थल’’ पर स्थापित डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का बटन दबाकर अनावरण किया तथा उनकी प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किया एवं गु्रप फोटो भी खिंचवाया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, डेमो चेक, सफाई किट, आवास की चाभी का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने अपने कर-कमलों से मंच पर क्रीडा विभाग के 37वीं उत्तर प्रदेश राज्यस्तरीय सीनियर कैनों स्प्रिंट चैैम्पियनशिप-2026 में श्री सुधांशु भारतीय-कैनो-1(सिंगल) व सुप्रिया निषाद -कयाक-1(सिंगल)  को गोल्ड मेडल, नेडा विभाग के पीएम सूर्यघर योजना के अन्तर्गत  नीलू देवी मौर्य व श्रीमती मोनी केसरवानी को सोलर दीदी नियुक्ति पत्र, उद्योग केन्द्र विभाग से युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत सुश्री अंजली जायसवाल (उत्पाद/सर्विस-प्ले वे स्कूल) को रू0 05 लाख एवं सुनीता देवी (उत्पाद-रेडीमेड गारमेंट) को रू0 04 लाख का डेमो चेक, नगर निगम की सफाई कर्मी सीता देवी व श्री रवि को सफाई किट, डूडा विभाग की पीएम (शहरी) आवास योजना के अन्तर्गत  सुबोध कुमार व कल्पना केसरवानी को चाभी का वितरण तथा पीएम स्वनिधि योजना की शिखा व आदित्य कुमार को डेमो चेक प्रदान किया। इस अवसर पर 9 वर्षों में नगर निगम की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रयागराज की इस पावन धरा व यमुना के पावन तट पर भारत की तीन महानविभूतियों की प्रतिमाओं के भव्य अनावरण कार्यक्रम में आज शामिल होने का मुझे अवसर प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज भारत के महान विभूति श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती है, जिनका पूरा जीवन भारत की राष्ट्रीयता, एकता-अखण्डता के लिए समर्पित था। श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी महान शिक्षाविद््, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, स्वतंत्र भारत के पहले खाद्य एवं उद्योग मंत्री और एक देश में दो प्रधान, दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे, नहीं चलेंगे का उद्घोष करने तथा अपना बलिदान देने वाले भारत माता के अमर सपूत थे। उन्होंने डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने यमुना के तट पर प्रेरणा स्थल में भारत की तीन महानविभूतियों की प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए महापौर, जनप्रतिनिधिगणों एवं नगर निगम को ह्रदय से धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थल का सद्उपयोग हो, इन महानविभूतियों के इतिहास के बारे में यह पीढ़ी जान सके, इस दृष्टि से तीनों प्रतिमाओं की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने का काम हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने पूर्वजों के संकल्प को पूरा करना यह हमारी अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता है और यही कार्य हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी कर रहे है। उन्होंने कहा कि भारत के अंदर राजनैतिक शुचिता क्या होनी चाहिए, इसका मॉडल स्वतंत्र भारत में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। उन्होंने भारत की राजनीति में लगभग 6 दशक तक सांसद, मंत्री, प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया, लेकिन उनके सार्वजनिक जीवन के दामन में कोई एक दाग नहीं लगा सकता था। उन्होंने गांव, गरीब, किसान, नौजवान व समाज के लिए जो सुशासन का जो मॉडल दिया, वह अद्भुत था। उन्होंने कहा कि मुझे सांसद के रूप में उनके कार्यों को नजदीक से देखने का अवसर प्राप्त हुआ। वे कितनी सहजता, सरलता के साथ राजनैतिक स्थिरता के बीच सुशासन का मॉडल दिया। आज उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर मुझे प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रभु राम भारत की आत्मा के मूलस्त्रोत है। राम का मतलब राष्ट्र है। उत्तर से दक्षिण तक एकता के सूत्र में बांधने वाला कोई नाम है, तो वह राम का नाम है। इस मंत्र को लेकर भारत के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले श्री अशोक सिंघल जी भव्य प्रतिमा का अनावरण आज यहां पर हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान राम का जो भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है, यह श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की परिकल्पना का ही परिणाम है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन का आजादी के बाद का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आंदोलन बताते हुए कहा कि इस आंदोलन से देश के सभी पूज्य संतों को एक मंच पर लाने का अभिनव कार्य हुआ और फिर पूज्य संतों के साथ मिलकर भाषावाद, जातियता, क्षेत्रियता से उपर उठकर युवाओं ने अशोक सिंघल जी के नेतृत्व में देश के अंदर एक नया शंखनाद हुआ था। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्होंने पूरा जीवन सनातन धर्म व राष्ट्र के लिए समर्पित किया तथा अपनी पैतृक सम्पत्ति को भी गरीबों के लिए दान कर दिया, ऐसे अशोक सिंघल जी के दिव्य प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर हमें प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं आज इस अवसर पर तीनों महानविभूतियों के श्री चरणों में नमन करता हूं तथा उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने कहा कि महापुरूषों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर हम सभी आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त करते है और उसी प्रेरणा के श्रोत यह महान विभूतियां हम सबके लिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह मंत्र है कि अगर विकास करना है, तो हमें विरासत का भी सम्मान करना होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयागराज की धरती समता की धरती है, जहां पर संगम में हर वर्ग, क्षेत्र व भाषा के लोग एक ही त्रिवेणी में श्रद्धा की डुबकी लगाते है। इसकी अपनी पौराणिक महत्ता हैं। उन्होंने कहा कि नागवासुकी मंदिर हो या प्रयागराज के तीर्थ स्थलों के पुनरूद्धार का कार्य हो, भव्य एवं दिव्य कुम्भ का आयोजन हो, इस कार्य को कराने का हमें अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने इसके लिए प्रयागराज वासियों का ह्रदय से अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज देश के लिए अपने जीवन का एक-एक क्षण समर्पित करने वाले डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जन्म जयंती है। उन्होंने डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं श्री अशोक सिंघल जी की प्रतिमाओं का लोकार्पण करने के लिए मुख्यमंत्री का प्रयागराज की धरती पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उपमुख्यमंत्री जी ने सभी महापुरूषों के अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी ने जब से देश की बागडोर अपने हाथों में ली है तब से पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जब प्रदेश में हमारी सरकार आयीं तो प्रदेश में विकास के बड़े-बड़े कार्य होने के साथ ही कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई तथा आज चहुंमुखी विकास के कार्य हो रहे है। इस अवसर पर मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी जी ने अपने सम्बोधन में उत्तर प्रदेश को उत्तम व सर्वोत्तम प्रदेश बनाने वाले मुख्यमंत्री जी का प्रयागराज की धरती पर आगमन पर उनका हार्दिक अभिनन्दन किया। उन्होंने कहा कि आज यहां पर सिर्फ प्रतिमाओं का लोकार्पण ही नहीं हो रहा है, बल्कि यह राष्ट्रवाद, राष्ट्र प्रथम की महान विचाराधारा की सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरूष, जिन्होंने भारत की अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को देश के वर्तमान से जोड़ने का काम किया है तथा देश को सशक्त, सक्षम और वैश्विक महाशक्ति बनाने के लिए अपना पूरा जीवन खपा दिया, यह प्रेरणा स्थल उनके प्रति हमारी अटूट आस्था व श्रद्धा तथा भावना का प्रकटीकरण है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं  मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने विकास के साथ-साथ विरासत के मंत्र को आत्मसात किया है। कहा कि श्रद्धेय श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी व श्री अशोक सिंघल जी हमारी इसी गौरवशाली विरासत का अटूट हिस्सा है। प्रधानमंत्री जी व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश व प्रदेश में बड़े-बड़े विकास के कार्य पूर्ण हुुए है। प्रदेश में देश के साथ ही विदेश से भी निवेश आ रहा है और बड़ी-बड़ी कम्पनियां यहां पर अपना उद्योग स्थापित कर रही है, इससे प्रदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त होने के साथ ही उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकानामी बनाने का रास्ता भी सुगम हो रहा है। मंत्री ने कहा कि प्रेरणा स्थल में स्थापित इन महापुरूषों की प्रतिमाएं यहां आने वाले लोगो को देश के लिए उनके योगदानों का स्मरण करायेंगी। इस अवसर पर महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने अपने सम्बोधन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री  अटल बिहारी वाजपेयी व अशोक सिंघल जी के प्रतिमाओं के अनावरण व प्रेरणा स्थल लोकार्पण के अवसर पर प्रयागराज की धरती पर मुख्यमंत्री जी का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से प्रयागराज का सांस्कृतिक विकास हो रहा है। प्रयागराज प्राचीन धार्मिक नगरी है, जो पूरे विश्व को अपनी ओर आकर्षित करती है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रयागराज का चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने हमेशा लोकतंत्र को मजबूत किया तथा श्री अशोक सिंघल जी ने अपना पूरा जीवन प्रभु श्रीराम जी सेवा में समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इन तीनों महानविभूतियों की झलक हमें मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व में दिखायी पड़ती है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री/प्रभारी मंत्री प्रयागराज स्वतंत्र देव सिंह जी, कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, सांसद भदोही विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के0 सिंह, मा0 विधायक शहर पश्चिम सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक शहर उत्तर हर्षवर्धन वाजेपयी, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक बारा डॉ0 वाचस्पति, विधायक/प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल, विधान परिषद सदस्य श्री सुरेन्द्र चौधरी, डॉ0 के0पी0 श्रीवास्तव, बाबू लाल तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य, डॉ0 कृत्रिका अग्रवाल, पूर्व सांसद प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी, संतोष पटेल, नीरज त्रिपाठी,  अशोक वाजपेयी, उदयभान करवरिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर निगम कार्यकारिणी के पदाधिकारी, पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण के अलावा मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल, नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 रंजना त्रिपाठी-वरिष्ठ सहायक आचार्य, आर्य कन्या डिग्री कालेज के द्वारा किया गया।लोकार्पण/अनावरण कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री श्री लेटे हनुमान जी मंदिर पहुंचकर उनका दर्शन एवं पूजन किया।

No comments:

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS