रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को आर0पी0 रेस्टोरेंट लॉन-फाफामऊ में आयोजित ‘‘छात्रों की बात, युवाओं के साथ’’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के सुझाव सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और उन्हें पूरी गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने कड़ा कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने युवाओं से किए गए वादे के अनुरूप परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। सरकार की मंशा है कि किसी भी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक न हो, अधियाचन समय पर भेजे जाएं, परीक्षाएं निर्धारित समय पर संपन्न हों तथा परिणाम भी समयबद्ध ढंग से घोषित किए जाएं, ताकि युवाओं को अनावश्यक प्रतीक्षा और मानसिक तनाव का सामना न करना पड़े। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े छात्रों को व्यवहारिक कठिनाइयों का सबसे अधिक अनुभव होता है। इसलिए उनके सुझाव सरकार के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपनी समस्याएं एवं सुझाव लिखित रूप में अथवा ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध करा सकते है। सरकार प्रत्येक सुझाव का अध्ययन कर उसके समाधान का प्रयास करेगी। उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जिस देश का युवा विकास यात्रा में सहभागी नहीं बनता, वह देश प्रगति नहीं कर सकता। प्रतियोगी छात्र केवल अपने परिवार का ही नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज के भविष्य का भी निर्माण करते हैं। इसलिए उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों के शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलनों का सदैव सम्मान किया जाना चाहिए, किंतु छात्रों के आंदोलनों की आड़ में राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार छात्रों की वास्तविक समस्याओं का समाधान चाहती है और इसी भावना से संवाद स्थापित किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज देशभर के प्रतियोगी छात्रों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से तैयारी कर अनेक युवाओं ने प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में सफलता प्राप्त कर देश की सेवा की है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा पारदर्शी और विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ सके। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि वे अपनी सभी समस्याएं एवं सुझाव लिखित रूप में उपलब्ध करा सकते है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बिंदु का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाएगा तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि युवाओं के हितों की रक्षा तथा भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और विश्वसनीय बनाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रभावी कदम उठाती रहेगी। इस अवसर पर विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment