रिपोर्ट - ईश्वर दीन साहू
कौशाम्बी : समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में 15 सितंबर मंगलवार को जिले के कई गांवों जैसे उदहिन खुर्द, घाटमपुर, मनौरी, पूरब शरीरा, भींटी, घोसरा आदि में जनहित और किसानहित के मुद्दों को लेकर ग्राम मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बाढ़, जलभराव, विद्युत कटौती, जर्जर मार्ग और भारी बारिश से कच्चे मकानों के गिरने आदि विषयों पर बैठकों में परिचर्चा हुईं। इस अवसर पर ग्राम उदहिन खुर्द के साथ जुड़े मोगरी के ताल में जलभराव का पार्टी नेता अजय सोनी ने स्थलीय जायजा लिया और किसानो की फसलों के हुए नुकसान की भरपाई हेतु उपजिलाधिकारी सिराथू को मौका मुआयना करने और आंशिक या पूर्ण नुकसान हुईं फसलों का समुचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई। इसी क्रम में ग्राम ग्राम घाटमपुर में पार्टी नेता जयचंद्र लोधी ने घाटमपुर विद्युत उपकेंद्र समेत कई अन्य विद्युत उपकेंद्रों से शाम को हो रही विद्युत कटौती की बंद करने की मांग की। इसी क्रम में ग्राम भीटी में विजय सिंह की अगुवाई में हुई ग्राम मासिक बैठक में भारी बारिश से गरीबों के गिरे घरों के सर्वे कराकर पीड़ित लोगों को आवासीय सुविधा प्रदान करने की मांग हुई। ग्राम घोसरा में परिहार लोधी की अगुवाई में हुई बैठक में जिले के कई जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने और ग्राम पूरब शरीरा में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र केसरवानी की अगुवाई में हुई बैठक में नदियों के किनारे बसे गांवों में बाढ़ से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कराकर पीड़ित लोगों को मुआवजा देने एवं ग्राम मनौरी में मनोज सोनी की अगुवाई में हुई बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्षम अधिकारियों द्वारा जायजा लिए जाने की मांग की गई। इस अवसर पर डॉक्टर संदीप कुमार, भैरव प्रसाद, राम तीरथ लोधी, रोहन गौतम, रामबाबू गौतम आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment