रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज एन.आई.सी. सभागार में जल निगम, सिंचाई एवं नलकूप विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ने बताया कि जल-जीवन मिशन के अन्तर्गत लक्ष्य 353 ट्यूवबेल के सापेक्ष 348 की प्रगति हुई है, लक्ष्य 309 ओवरहेड टैंक के सापेक्ष 223 ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूर्ण, 218263 गृह संयोजन लक्ष्य के सापेक्ष 203576 गृह संयोजन एवं 4042 किमी0 पाइपलाइन लक्ष्य के सापेक्ष 3507 किमी0 पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य, पाइपलाइन बिछाने का कार्य, गृह संयोजन एवं पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क के मरम्मत कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए फर्म जे.एम.सी. एवं बाबा जी.ए. इन्फ्रा. को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने फर्म बाबा जी.ए. इन्फ्रा. के कार्यों में प्रगति धीमी पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अभियंता को फर्म बाबा जी.ए. इन्फ्रा. के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क के मरम्मत का कार्य प्राथमिकता पर कराते हुए शीघ्र पूर्ण कराई जाय। जिलाधिकारी ने नलकूप विभाग की समीक्षा के दौरान सहायक अभियंता नलकूप से कहा कि यान्त्रिक दोष एवं विद्युत दोष आदि के कारण बंद नलकूपों को शीघ्र क्रियाशील किया जाय। उन्होंने सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि नहरों में टेल तक पानी पहॅुंचें, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए परेशान न होना पड़े। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।