Friday, June 27, 2025

जिलाधिकारी व अपर पुलिस आयुक्त ने आगामी मोहर्रम त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए की बैठक...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


प्रयागराज : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ व अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल शर्मा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में आगामी मोहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराये जाने हेतु की जा रही तैयारियों के सम्बंध में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि आगामी त्योहारों को विगत वर्षों की भांति शांतिपूर्ण, सकुशल, सौहार्दपूर्ण ढंग से भाई-चारे व मेल-जोल के साथ सम्पन्न करायें जायेंगे। उन्होंने अपर जिलाधिकारी नगर से ताजिये के निर्धारित मार्गों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने आगामी त्यौहारों के पूर्व ही सड़को को गड्ढ़ा मुक्त करने, नगर निगम के द्वारा मार्गों की साफ-सफाई एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराये जाने, विद्युत विभाग के द्वारा विद्युत के लटकते तारों व तेढ़े-मेढे खम्भों को सुव्यवस्थित करने के लिए कहा है। उन्होंने सभी तहसीलों में स्थानीय स्तर की समस्याओं का समाधान त्यौहार के पूर्व ही कराये जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं सहायक पुलिस आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराये जाने के लिए कहा है। कार्यक्रम में पीस कमेटी के सदस्यों के द्वारा त्योहारों को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराये जाने के सम्बंध में अपने-अपने सुझाव दिए गये। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल शर्मा ने कहा कि पूर्व में निर्धारित परम्परा के अनुसार ही पर्वों को मनाया जाये, कोई नई परम्परा न शुरू की जाये। उन्होंने कहा कि हम सभी लोग बहुत ही सकारात्मक ढंग से साम्प्रदायिक सौहार्द बनाते हुए आगामी त्योहारों को सम्पन्न करायें। जो पुराने रीति-रिवाज व कानूनी गाइड लाइन है, उसके अनुसार एक टीम की तरह हम अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कुशलता के साथ सम्पन्न करायें। उन्होंने कहा कि संवदेनशील स्थलों पर विशेष सर्तकता व निगरानी रखी जाये। साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि गैरपराम्परागत जुलूस न निकाले जाये एवं ताजिए अपने समय पर पूर्व से निर्धारित मार्ग पर ही मानक ऊंचाई के साथ निकाले जाये एवं जुलूस में प्रतिबंधित ऊंट, घोड़ा व शस्त्र का प्रदर्शन न होने पाये। आप सभी के सुझावों को हम अपनी कार्ययोजना में शामिल करते हुए आपकी समस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली नकारात्मक खबरों को फैलने के पूर्व ही पुलिस विभाग से साझा करने की अपील की। इस अवसर पर डीसीपी नगर अभिषेक भारती, एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा, एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा, मुख्य राजस्व अधिकारी कुंवर पंकज, अपर नगर आयुक्त दीपेन्द्र यादव, सिटी मजिस्टेªट विनोद कुमार सिंह, सेंट्रल पीस कमेटी, पार्षदगण, ताजियादार, सिविल डिफेंस, जिला अपराध निरोधक समिति के सदस्यों सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

No comments:

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS