Sunday, June 7, 2026

प्रयागराज में धूमधाम से मनाया गया 'पहली आजादी महोत्सव', 1857 के शहीदों को किया गया नमन...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : प्रयागराज के ऐतिहासिक खुसरोबाग उद्यान में आज 7 जून को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 'प्रयागराज की पहली आजादी महोत्सव' का गरिमामय आयोजन किया गया। यह महोत्सव सन 1857 के उस ऐतिहासिक घटनाक्रम की याद में मनाया जाता है, जब प्रयागराज (तब इलाहाबाद) अंग्रेजी हुकूमत से आजाद हुआ था और पूरे 10 दिनों तक स्वतंत्र रहा था। भारत भाग्य विधाता संस्था के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने की। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में 1857 की क्रांति के वीर सपूतों के बलिदान और प्रयागराज के इस गौरवशाली इतिहास को याद किया।उन्होंने कहा की यह बड़ी बात है कि हमारे पूर्वजों ने भारत की आन बान शान बनाए रखने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान किया। हमें उनसे प्रेरणा लेना चाहिए। हमें इतिहास से यह सीखना चाहिए कि हम अपने देश को आगे बढ़ाने के लिए क्या कर सकते हैं। कहा की हम जहां भी रहे देश के लिए कुछ अच्छा करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सिर्फ एक दिन इतिहास को याद कर लेने से काम नहीं चलेगा हमें अपने स्तर पर देश को नैतिक नागरिक बनने के लिए खुद को प्रेरित करना होगा। प्रयागराज की धरती क्रांतिकारियों की धरती रही है। 1857 में मिली 10 दिनों की वह आजादी हमारे देश के स्वाधीनता संग्राम का एक स्वर्णिम अध्याय है। शहीदों की स्मृति में जिलाधिकारी द्वारा खुसरूबाग की पौधशाला से उपस्थित जनमानस को नि:शुल्क पौध वितरण का कार्य भी किया गया।इस अवसर पर खुसरोबाग के उद्यान प्रभारी श्री वी के सिंह, समाजसेवी श्री अन्नू भैया, श्री वीरेंद्र पाठक एवं प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ महोत्सव में हिस्सा लिया और शहीदों को नमन किया।

No comments:

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS