रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
कौशांबी : जनपद में जहां एक ओर किसान अपनी आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मानवता की एक मिसाल बनकर उभरे हैं अरमान हॉस्पिटल, तिलापुर मोड़ के संस्थापक डॉ. निसार अहमद। उन्होंने किसानों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और समर्पण दिखाते हुए एक बड़ा ऐलान किया है, जिससे क्षेत्र के किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। डॉ. निसार अहमद ने भारतीय किसान यूनियन भानू संगठन के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह की मौजूदगी में कहा कि संगठन के जो भी कार्यकर्ता अपना परिचय पत्र लेकर उनके अस्पताल में इलाज के लिए आएंगे, उन्हें विशेष रूप से भारी छूट प्रदान की जाएगी। यह घोषणा सुनते ही किसानों और संगठन के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मैं खुद एक किसान का बेटा हूँ, इसलिए किसानों की पीड़ा को भली-भांति समझता हूँ। किसानों के हित में मुझसे जो भी संभव होगा, मैं हरसंभव मदद करूंगा।” उनके इन शब्दों ने यह साबित कर दिया कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो सेवा और मानवता को सबसे ऊपर रखते हैं। डॉ. निसार अहमद का यह कदम न सिर्फ सराहनीय है, बल्कि अन्य निजी अस्पतालों और चिकित्सकों के लिए भी एक प्रेरणा है। जब किसान आर्थिक तंगी और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हों, ऐसे में इस प्रकार की पहल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कौशांबी के किसानों ने डॉ. निसार अहमद के इस फैसले का खुले दिल से स्वागत किया है और उन्हें “किसानों का मसीहा” बताते हुए आभार व्यक्त किया है। अब देखना यह होगा कि क्या अन्य संस्थाएं भी इस मानवीय पहल से प्रेरणा लेकर किसानों के लिए आगे आती हैं या नहीं।
No comments:
Post a Comment