रिपोर्ट - ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सर्किट हाउस के सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ सहित अन्य बिंदुओं की गहनता से समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री ने सबसे पहले जनपद के क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति एवं अत्यधिक बरसात के कारण शहर में हुए जलजमाव के कारणों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ के सम्बंध में जानकारी ली, जिसपर जिलाधिकारी ने उपमुख्यमंत्री को बाढ़ की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में तहसील कोरांव तथा बारा के कुछ गांवों में बाढ़ का पानी भर गया था। वहां पर बाढ़ से प्रभावित हुए लोगो से तुरंत सम्पर्क करते हुए उन्हें बाढ़ राहत केन्द्रों पर पहुंचाया गया तथा वहां पर उन्हें सभी आवश्यक व्यवस्थायें उपलब्ध करायी जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने सम्बंधित अधिकारियों को बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में जाकर फसल इत्यादि के हुए नुकसान का सर्वे करने एवं पीड़ितो को शीघ्रता से मुआवजा दिये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पर बाढ़ का प्रभाव था, वहां पर बाढ़ का पानी हटने के बाद अभियान चलाकर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। साथ ही साथ वहां पर स्वास्थ्य शिविर लगाये जाये तथा वहां पर टीमों की तैनाती की जाये, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की कोई समस्या का सामना न करना पड़े। उपमुख्यमंत्री के द्वारा शहर में बरसात के कारण हुए जलजमाव के कारणों के बारे में जानकारी लिए जाने पर नगर आयुक्त के द्वारा जलजमाव के कारणों एवं जल निकासी के लिए किए गए उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी साथ ही साथ उनके द्वारा आगे इस प्रकार के जल-भराव की स्थिति न हो, इसके लिए बनायी गयी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में शहर में इस तरह के जलजमाव के स्थिति न हो, इसके लिए स्थायी समाधान हेतु फूलप्रूफ कार्ययोजना बनायी जाये। कार्ययोजना बनाते समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करतेे हुए उनके सुझावों को अवश्य लिया जाये। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कार्ययोजना फूलप्रूफ हो एवं वे अगले 100 वर्षों को ध्यान में रखकर बनायी जाये। मेडिकल चौराहों पर अत्यधिक जलभराव की समस्या विधान परिषद सदस्य डॉ0 के0पी0 श्रीवास्तव के द्वारा उठायी गयी, जिसपर उपमुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त को प्राथमिकता पर समस्या का निराकरण कराये जाने के निर्देश दिए है। इसी क्रम में रामबाग, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, अल्लापुर में हुए जल जमाव को लेकर विधायक शहर उत्तरी के द्वारा समस्या उठायी गयी, जिसपर उपमुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त को प्राथमिकता पर समस्या का निराकरण कराये जाने के निर्देश दिए है। बैठक में नगर आयुक्त के द्वारा बताया गया कि उक्त स्थलों पर भविष्य में जल-जमाव की स्थिति न होने पाये, इसके समाधान के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गयी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे जल जमाव की स्थिति न पैदा हो, इसके लिए 40 एमएलडी पम्पिंग स्टेशन एवं अलग से लाइन, जो सीएमपी से मोरी गेट तक होगी, उसको बनाये जाने हेतु स्वीकृति शासन स्तर पर प्राप्त हो चुकी है, इसी तरह से 80 फीट रोड तथा डांडिया नाला के चौड़ीकरण का कार्य भी स्वीकृत हो चुका है, जिस पर कार्य किया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुंदन गेस्ट हाउस से कब्रिस्तान के पीछे ईडब्लूएस कालोनी के पीछे से अल्लापुर पम्पिंग स्टेशन तक बाईपास नाला का निर्माण कराया जायेगा, जिससे की उक्त क्षेत्रों में होने वाले जल-जमाव की समस्या से निजात मिल सकेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के अंदर जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी हेतु फूलपू्रफ कार्ययोजना बनाकर उसी के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य कराया जाये। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना बनाने में जनप्रतिनिधिगणों के सुझावों को अवश्य सम्मिलित किया जाये, जिससे कि जलनिकासी के लिए फूलप्रूफ योजना के साथ कार्य हो सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए जो कार्यदायी संस्था नामित हो, उस कार्यदायी संस्था के साथ मा0 जनप्रतिनिधियों की बैठक कर उनके सुझावों एवं अनुभवों को लेते हुए स्थायी कार्य गुणवत्ता के साथ कराया जाये। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, स्थानीय पार्षदों तथा सम्बंधित विभागों के अधिकारियों का एक वहाट्सएप ग्रुप संचालित किया जाये, जिसपर किसी भी समस्या के बारे में जानकारी दिए जाने पर उस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए समय से उस समस्या का निराकरण हो सके। शहर में जहां भी जलभराव की स्थिति बने, वहां 24 घण्टे के अंदर जल निकासी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो भी सीवर लाइनें बनायी गयी है, उनकी मैपिंग अनिवार्य रूप से कर ली जाये, जिससे कि उसके बारे में आगे आने वाले अधिकारियों को भी सही जानकारी रहे। बैठक में गंगा प्रदूषण नियंत्रण ईकाई के द्वारा किए गए कार्यों के सम्बंध में लोगो के द्वारा शिकायत किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने गंगा प्रदूषण नियंत्रण ईकाई के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यों का पुनः स्थलीय निरीक्षण करते हुए जो कमियां हो, उनको ठीक कराते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य कराये। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा के कछारी क्षेत्रों में किसी भी तरह से अवैधा कब्जा एवं अवैध निर्माण कार्य न होने पाये, इसकी निरंतर मानीटरिंग की जाये। बैठक में मण्डलायुक्त डॉ0 लोकेश एम, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा के द्वारा बरसात के कारण शहर के कुछ क्षेत्रों में हुए जलजमाव के कारणों एवं उसके निकासी के लिए किए गए उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। इस अवसर पर सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, विधायक बारा डॉ0 वाचस्पति, विधायक शहर उत्तर श्री हर्षवर्धन वाजपेयी, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, डॉ0 के0पी0 श्रीवास्तव, भाजपा गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, परियोजना निदेशक श्री भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment