रिपोर्ट - ईश्वर दीन साहू
कौशाम्बी : समर्थ किसान पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने सोमवार को सिराथू ब्लॉक के कई गांवों जैसे उदहिन बुजुर्ग, उदहिन खुर्द, गंभीरा पूर्व, खनवारी, जियापुर, कटरा, मोगरी आदि का पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भ्रमण किया और भारी बारिश से हुए जलभराव की दिक्कत एवं जान माल के हो रहे नुकसान का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान अजय सोनी एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई गांवों में भारी जलभराव और कच्चे मकानों के जमीदोज होने की समस्याएं देखीं और पीड़ित लोगों का दुख दर्द साझा किया।भ्रमण के क्रम में ग्राम गंभीरा पूर्व में आवासीय क्षेत्र में शिवशंकर भार्गव के घर के पास भारी जलभराव जबकि ग्राम कटरा मोगरी में मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव देखने को मिला। इसी तरह ग्राम उदहिन बुजुर्ग समेत कई गांवों मे कच्चे मकानो के जमीदोज होने का मामला दिखा। इस अवसर पर अजय सोनी ने कहा कि जिला प्रशासन कौशांबी को गांवों में भारी जलभराव के निदान के लिए समुचित उपाय सुनिश्चित करना चाहिए ताकि गांवों में संक्रामक बीमारियां न फैल सकें और आम जनता को असुविधा न हो। साथ ही गांव गांव कैंप लगाकर भारी बारिश से जान माल के बचाव की समुचित व्यवस्था करना चाहिए। आगे कहा कि भारी बारिश से पूरे जनपद ने जन जीवन बहुत बुरी तरह प्रभावित हो रहा है ऐसे में नदियों के किनारे बसे गांवों समेत जिले के प्रत्येक गांव के लोगों की जान माल की सुरक्षा एवं बचाव सुनिश्चित हो, ऐसा समुचित उपाय सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही गांव गांव मेडिकल एवं पशु चिकित्सा के कैंप लगाकर आम जनता और पशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल का समुचित इंतजाम करना चाहिए। इस अवसर पर शिव शंकर भार्गव, भानु प्रकाश तिवारी, गुड्डू दुबे, पप्पू दुबे, मनीष दुबे, जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment