रिपोर्ट - ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय में वर्षा एवं अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष, प्रयागराज विकास प्राधिकरण श्री ऋषिराज सहित नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, ट्रैफिक पुलिस के संबंधित अधिकारी एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंडलायुक्त द्वारा पूर्व में सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी सड़कों का सर्वे कर गड्ढों एवं मरम्मत योग्य स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में उन्होंने विभागवार चिन्हित सड़कों एवं प्रस्तावित मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने अवगत कराया कि सर्वे एवं चिन्हांकन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। नगर निगम द्वारा लगभग 96 किलोमीटर सड़कों का चिन्हांकन किया गया है, जिनकी मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति कराई जाएगी। इसके लिए लगभग 6 करोड़ रुपये का टेंडर भी हो चुका है। पीडीए द्वारा 38 सड़कों का चिन्हांकन किया गया है, जिनमें डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर संबंधित एजेंसी के माध्यम से शीघ्र गड्ढामुक्ति की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। पीडब्ल्यूडी द्वारा लगभग 111 सड़कों का चिन्हांकन किया गया है, जिन पर भी शीघ्र मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा आश्वस्त कराया गया है कि बारिश रुकते ही सभी मरम्मत के कार्य प्रारंभ कराए जाएंगे। शहर में आने वाली एवं मुख्य एनएच सड़कों पर भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक विभाग के एसीपी द्वारा चिन्हित किए गए प्रमुख स्थानों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इनमें बांगर धर्मशाला, सीएमपी डिग्री कॉलेज, फाफामऊ ब्रिज, तेलियरगंज के कुछ स्थान तथा मेडिकल चौराहे से रामबाग फ्लाईओवर पर चढ़ने वाला स्थान शामिल हैं। फाफामऊ ब्रिज की ओर जाम की समस्या के समाधान के दृष्टिगत मंडलायुक्त ने आरएम रोडवेज एवं आरटीओ को समन्वय स्थापित कर 12 सितंबर से लखनऊ रूट की रोडवेज एवं निजी बसों को सहसो, झूंसी एवं अंदावा होते हुए डायवर्ट करने के निर्देश दिए। यह व्यवस्था एक माह तक लागू रहेगी। संबंधित अधिकारी रोडवेज एवं निजी बस संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे, जिससे वर्तमान मार्ग पर यातायात का दबाव कम हो सके। शहर में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न स्थानों पर पार्किंग के संबंध में टेंडर प्रक्रिया किए जाने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश दिए। निरंजन चौराहे से घंटाघर तक मार्ग पर अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण से उत्पन्न यातायात दबाव को देखते हुए नगर निगम, ट्रैफिक विभाग एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की समिति गठित कर यातायात व्यवस्था सुधारने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। एमजी रोड को जीरो टॉलरेंस रोड के रूप में विकसित करने हेतु मुख्य कैरेजवे एवं सर्विस रोड को अनधिकृत पार्किंग से मुक्त रखने तथा सड़क किनारे अवैध दुकानों एवं अन्य अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। पूरे मार्ग का व्यवस्थित ब्यूटीफिकेशन एवं एकरूप स्वरूप सुनिश्चित किया जाएगा। इस संबंध में उपाध्यक्ष, पीडीए एवं नगर आयुक्त को व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एमजी रोड पर प्रभावी स्वच्छता एवं वेस्ट मैनेजमेंट के लिए गीले एवं सूखे कचरे हेतु अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक 100 मीटर पर डस्टबिन एवं सफाई कर्मी तैनात किए जाएंगे। स्ट्रीट वेंडर्स को हाइजीन के प्रति जागरूक करते हुए ग्लव्स, स्वच्छ पानी एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया गया। डिवाइडर्स पर उगी जंगली घास एवं अनावश्यक वनस्पति को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखा जाएगा। मंडलायुक्त ने पीडीए के कंसल्टेंट के माध्यम से एमजी रोड के फुटपाथ के पुनः डिजाइन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश दिए। फुटपाथ के पुनर्विकास के साथ विभिन्न यूटिलिटीज एवं तारों को चरणबद्ध रूप से अंडरग्राउंड किए जाने, अवैध बैनर हटाने एवं डिफेसमेंट समाप्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पूरे शहर में प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा एमजी रोड सहित प्रमुख क्षेत्रों में आमजन के लिए आवश्यक शौचालयों की व्यवस्था किए जाने के निर्देश भी दिए। मंडलायुक्त ने शहर की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर वाहनों में शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वाहन में शराब का सेवन करते पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
No comments:
Post a Comment