Thursday, April 2, 2026

मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने गेहूँ खरीद, भंडारण व्यवस्थाओं एवं सीएमआर संप्रदान की समीक्षा बैठक की...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


प्रयागराज : मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में गेहूँ खरीद, भंडारण व्यवस्थाओं एवं सीएमआर संप्रदान की समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में यह अवगत कराया गया कि गेहूँ खरीद का कार्य 30 मार्च से प्रारंभ हो चुका है। इस पर निर्देशित किया गया कि सभी क्रय संस्थाएं अपने-अपने केंद्रों पर स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता, बैनर, स्टेशनरी, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, पावर डस्टर, नमीमापक यंत्र एवं एनालिसिस किट आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि गेहूँ क्रय कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही, सहायक नियंत्रक, बाट-माप को सभी इलेक्ट्रॉनिक कांटों का सत्यापन कराते हुए प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। यह भी निर्देशित किया गया कि गेहूँ खरीद से संबंधित सत्यापन हेतु आवश्यक अभिलेखों की सूची स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए तथा प्रत्येक केंद्र पर जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जिन अधिकारियों के पास एक से अधिक केंद्रों का प्रभार है, उनके लिए कार्य के सुचारु निष्पादन हेतु एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक/जिला प्रबंधक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित सभी गेहूँ क्रय केंद्रों का स्थलीय सत्यापन सुनिश्चित करेंगे। मंडी समिति को निर्देशित किया गया कि सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं, जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, शासन के निर्देशानुसार किसानों के भुगतान को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मंडी समिति के सचिव को निर्देश दिए गए कि मंडल के सभी 281 केंद्रों पर उपकरणों की पूर्ण कार्यशीलता सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करें। सभी मंडलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से गेहूँ क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर उसकी फोटोग्राफ समूह में अपलोड करें, जिससे निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। धान खरीद के अंतर्गत जिन कृषकों का भुगतान तकनीकी कारणों से लंबित है, उसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। भारतीय खाद्य निगम एवं संबंधित एजेंसियों से अपेक्षा की गई कि वर्तमान भंडारण क्षमता की स्थिति को देखते हुए नए गोदामों को चिन्हित कर लिया जाए तथा तिरपाल, डन्नेज एवं कवर आदि की व्यवस्थाएं पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली जाएं, जिससे भंडारण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त, मंडी समिति द्वारा सभी केंद्रों पर उपकरणों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गेहूँ खरीद में बोरों की कमी को दूर करने के लिए यह निर्णय लिया गया कि कोटेदारों से बोरे वापस लेकर उनका उपयोग क्रय कार्य में किया जाएगा, जिसके लिए सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान ऊर्जा संकट के दृष्टिगत यह भी निर्देशित किया गया कि जनपदों में चल रहे सीएनजी एवं पीएनजी पाइपलाइन कार्यों से संबंधित सभी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जिलाधिकारी के माध्यम से शीघ्र जारी कराए जाएं, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके और समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सकें। बैठक में अनुपस्थित रहने पर संयुक्त निबंधक, सहकारिता प्रयागराज तथा सहायक निबंधक, सहकारिता कौशांबी एवं फतेहपुर से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने की जनसुनवाई, फरियादियों की सुनी जनसमस्याएं संबंधित को दिए आवश्यक निर्देश...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


कौशाम्बी : पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत द्वारा आम जनमानस की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण हेतु जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए, जिन्हें पुलिस अधीक्षक द्वारा अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना गया। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों को मौके पर जाकर त्वरित और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, जिससे पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक न्याय और राहत मिल सके। सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने थाना करारी का औचक निरीक्षण किया...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


कौशाम्बी : पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण प्रजापत द्वारा थाना करारी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केन्द्र का विशेष रूप से अवलोकन किया गया तथा वहां संचालित अभिलेखों/रजिस्टरों (फीडबैक रजिस्टर आदि) की गहनता से समीक्षा की गई। संबंधित पुलिस कर्मियों को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं गुणवत्ता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना करारी के सीसीटीएनएस कक्ष* एवं *साइबर हेल्पडेस्क का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, अद्यतन प्रविष्टियों तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।निरीक्षण के क्रम में थाना कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उनके समुचित रखरखाव एवं नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को स्वच्छता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने बरियावां में घटना स्थल का जायजा लिया, जांच के दिए तीन टीम गठित की...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


कौशाम्बी : जनपद के थाना चरवा अन्तर्गत ग्राम बरियावां में हुई घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण द्वारा स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा घटना में शामिल अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। उक्त प्रकरण में स्थानीय पुलिस द्वारा घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया था, जिनमें से उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई।.प्रकरण में थाना चरवा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु 03 टीमें गठित कर दी गई हैं। अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Wednesday, April 1, 2026

नवागन्तुक पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने कार्यालय का निरीक्षण किया...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


कौशाम्बी : जनपद कौशाम्बी के नवागन्तुक पुलिस अधीक्षक  सत्यनारायण प्रजापत द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रकरणों के निस्तारण एवं कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।.पुलिस अधीक्षक महोदय ने अधिकारियों/कर्मचारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्यप्रणाली अपनाने हेतु निर्देशित किया तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

स्कूल चलो अभियान 2026-27 का भव्य शुभारंभ, नामांकन बढ़ाने पर जोर...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


कौशाम्बी : मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित “स्कूल चलो अभियान 2026-27” जन-जागरूकता रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झण्डी दिखाकर भव्य शुभारंभ किया। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा उन्हें निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। अभिभावकों को जागरूक करते हुए बताया गया कि यदि वे अपने बच्चों से प्यार करते हैं, तो उन्हें शिक्षा का अधिकार अवश्य दिलाएं। सरकार द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को अनेक निःशुल्क सुविधाएं दी जा रही हैं, जिनमें मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग, मध्याह्न भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्मार्ट क्लास और प्रशिक्षित शिक्षक शामिल हैं। शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को प्रेरित किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। साथ ही विद्यालयों में बेहतर वातावरण, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आकर्षित करने पर भी जोर दिया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने0 अभिभावकों से अपील की कि अपने नजदीकी परिषदीय विद्यालय में बच्चों का प्रवेश कराकर, उनके उज्जवल भविष्य की नींव रखें।

संयुक्त निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने संचारी रोग नियन्त्रण अभियान का किया उद्घाटन...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : संचारी रोग नियन्त्रण अभियान (प्रथम चरण-माह अप्रैल 2026) का उद्घाटन डा0 आशु पाण्डेय, संयुक्त निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, प्रयागराज मण्डल प्रयागराज के द्वारा संयुक्त रैली (नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग) हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना करके किया गया। यह संचारी अभियान दिनांक 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 एवं दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विभिन्न विभागों के समन्वय से संचालित किया जायेगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को इस अभियान का नोडल बनाया गया है। इस अभियान में नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन सशक्तीकरण विभाग, उद्यान विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग एवं सूचना विभाग को मिलकर शासन ने सकुशल सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। उक्त सभी विभागों द्वारा जन-जागरूकता, साफ-सफाई, कचरा-निस्तारण, जल भराव रोकने, फागिंग आदि कार्यो को सम्पादित किया जाना है। डा0 आशु पाण्डेय, संयुक्त निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, प्रयागराज मण्डल प्रयागराज, जी ने इस अभियान को सुचारू रूप से संचालन करने की शुभकामनाएं दी।.कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबन्ध श्री विनोद कुमार सिंह जी ने किया। जिला मलेरिया अधिकारी ने संचारी रोगों के नियंत्रण संबंधी कार्यवाही पर विशेष जानकारी दी तथा यह भी बताया कि विगत 05 वर्षो में संचारी रोगों, डेंगू एवं चिकुनगुनिया पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास किये गये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नोडल होने के नातें स्वास्थ्य विभाग की विशेष भूमिका के विषय में चर्चा की, जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में समस्त विभागों को समन्वय बनाकर संचारी रोगों के नियन्त्रण हेतु कार्य करने के लिए अनुरोध किया और सोर्स रिडक्शन पर विशेष ध्यान देने एवं दस्तक अभियान के दौरान बुखार के रोगियों, आई0एल0आई0 केसेज, क्षय रोग के लक्षण युक्त, कुपोषित बच्चों एवं मच्छरों के प्रजनन स्थल की सूची तैयार करने तथा आभा आई0डी0 बनाने हेतु निर्देशित किया।
जिला मलेरिया अधिकारी श्री ए0के0 सिंह ने विशेष जोर देते हुए माननीय मुख्य मंत्री महोदय के निर्देशों का अनुपालन करते हुए अपने आस पास के क्षेत्रों में स्वच्छता का ध्यान, शौचालय की सफाई, लोगों को जागरूक करना एवं प्रचार प्रसार सामग्री को आमजन मानस तक पहुचाने हेतु निर्देशित किया। उष्ण मौसम के संबंधित रोगों (हीट रिलेटेड इलनेसेज), भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जनमानस हेतु शीतल एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, गर्मी से बचाव हेतु शेलटर्स की व्यवस्था, व्यस्त स्थानों पर मौसम के पूर्वानूमान तथा तापमान का डिस्प्ले, हीट वेव से बचाव हेतु उपायों का जनमानस में व्यापक प्रचार प्रसार, विघालयों में हीट वेव से बचाव हेतु उपायों का जनमानस में व्यापक प्रचार प्रसार, के दृष्टिगत जनपद की घनी आबादी वाले क्षेत्रों, खराब सड़कों, बेसमेन्ट एवं नालियों में जल जमाव से मच्छरों में प्रजनन होता है जिससे मलेरिया डेंगू एवं अन्य संचारी रोगों का प्रकोप बढ़ता है, इसलिए विशेषकर शहरी क्षेत्रों में संचारी रोगों पर नियन्त्रण हेतु व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। डा0 आशु पाण्डेय, संयुक्त निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, प्रयागराज मण्डल प्रयागराज, द्वारा संचारी रोग से  सम्बन्धित शपथ ग्रहण कराया गया। अन्त में मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय ने धन्यवाद ज्ञापित किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 ए0 के0 तिवारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रावेन्द्र सिंह, एपिडेमियोलॉजिस्ट डा0 अन्शू वैश्य, डब्ल्यू0एच0ओ0 के एस0एम0ओ0 डा0 आलोक कुमार, मलेरिया एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS