Thursday, June 11, 2026

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शौचालय निर्माण में खराब प्रगति वाले एडीओ (पंचायत) का वेतन रोकने के दिए निर्देश...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू

प्रयागराज : जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की उपस्थिति में जिला स्वच्छता समिति की बैठक  गुरुवार को संगम सभागार में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी श्री रविशंकर द्विवेदी के द्वारा किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में पात्र लाभार्थियों को प्रदान किए जा रहे व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (IHHL) की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए । जिलाधिकारी ने शौचालय के पात्र लाभार्थियों को शौचालय निर्माण हेतु प्रथम एवं द्वितीय किस्त के भुगतान, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निस्तारण में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी  एडीओ (पंचायत) एवं संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब प्रगति वाले विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) का वेतन अग्रिम आदेशों तक अवरुद्ध किए जाने हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। बैठक में ज़िलाधिकारी ने “मेरा तालाब, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के अंतर्गत चयनित तालाबों को पूर्णतः ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट मुक्त बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी चयनित तालाबों से कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक अपशिष्ट हटाते हुए उन्हें स्वच्छ बनाया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि ग्रे-वॉटर (घरेलू अपशिष्ट जल) सीधे तालाबों में प्रवाहित न हो। इसके लिए फिल्टर चैंबर अथवा अन्य उपयुक्त तकनीकी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं। उन्होंने वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्धारित कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चयनित तालाबो की वर्तमान स्थिति और साफ -सफाई के बाद की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को प्रत्येक सप्ताह विशेष प्लास्टिक मुक्त अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय सांसद, विधायकों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा आमजन को सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित समस्त योजनाओं एवं गतिविधियों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी श्री रविशंकर द्विवेदी, जिला सलाहकार (स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण), जनपद स्तरीय अधिकारीगण तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


No comments:

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS