Friday, August 7, 2026

मंडलायुक्त डॉ॰ लोकेश एम फीडबैक के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू 

प्रयागराज : मंडलायुक्त डॉ॰ लोकेश एम ने मीडिया से हुए संवाद से प्राप्त फीडबैक के आधार पर नगर आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव की समस्या के प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिए दिए निर्देश। एएन झा मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव एवं सिल्ट की तत्काल सफाई सुनिश्चित कराने तथा डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के दृष्टिगत विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश। लिडिल रोड पर फुटपाथ निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध पेनाल्टी एवं भुगतान में कटौती की कार्रवाई के निर्देश; भविष्य के फुटपाथों को दिव्यांगजन एवं आम नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक एवं पीपल-फ्रेंडली बनाने पर बल। जॉर्जटाउन थाना से संगम पेट्रोल पंप तक जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान हेतु नाले के चौड़ीकरण एवं गहरीकरण का प्रस्ताव तैयार करने तथा नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बहु-विभागीय समिति गठित करने के निर्देश।शहर की सड़कों से एक सप्ताह के भीतर कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सी एंड डी) वेस्ट हटाने, 'पेंट माई सिटी' के अंतर्गत क्षतिग्रस्त पेंटिंग्स का पुनरुद्धार कराने तथा बस स्टॉप के आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश। मंडलायुक्त डॉ॰ लोकेश एम ने मीडिया से हुए संवाद से प्राप्त फीडबैक के क्रम में जनपद में वर्षा के दौरान उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या का स्थलीय आकलन करने तथा उसके प्रभावी एवं स्थायी समाधान के उद्देश्य से नगर आयुक्त श्री साईं तेजा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जॉर्जटाउन स्थित एएन झा मार्ग, लिडिल रोड, जॉर्जटाउन थाना परिसर के आसपास तथा अन्य प्रमुख सड़कों पर वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति एवं नगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। सर्वप्रथम एएन झा मार्ग स्थित सब्जी मंडी के आसपास जलभराव एवं सिल्ट के कारण उत्पन्न गंदगी का संज्ञान लेते हुए उन्होंने तत्काल समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव वाले सभी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे डेंगू एवं मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों की आशंका को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सके। लिडिल रोड पर नगर निगम द्वारा कराए जा रहे फुटपाथ निर्माण, भूमिगत केबलिंग तथा जलभराव की समस्या के निराकरण संबंधी कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण न होने पर उन्होंने नगर आयुक्त को संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार पेनाल्टी अधिरोपित करते हुए भुगतान में आवश्यक कटौती की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में निर्मित किए जाने वाले फुटपाथों को बड़े शहरों के श्रेष्ठ मानकों के अनुरूप अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं पीपल-फ्रेंडली विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि फुटपाथों पर समुचित ढाल (स्लोप) तथा दिव्यांगजन, विशेषकर दृष्टिबाधित व्यक्तियों की सुगम आवाजाही के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही पर्यटन स्थलों के आसपास निर्मित होने वाले फुटपाथों की गुणवत्ता एवं फिनिशिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।जॉर्जटाउन थाना से संगम पेट्रोल पंप तक जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने संबंधित नाले के चौड़ीकरण एवं गहरीकरण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस कार्य के समन्वित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के भी निर्देश दिए, जिसमें प्रयागराज विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग तथा जल निगम के संबंधित अधिशासी अभियंताओं को सम्मिलित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान शहर की विभिन्न सड़कों पर कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलेशन (सी एंड डी) वेस्ट पड़ा पाए जाने पर मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर सभी स्थानों से उक्त वेस्ट हटाया जाए। निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसी क्रम में विभिन्न आरओबी एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 'पेंट माई सिटी' अभियान के अंतर्गत कराई गई पेंटिंग्स क्षतिग्रस्त पाए जाने पर उन्होंने उनका पुनरुद्धार कर आकर्षक एवं नवीन डिजाइनों के साथ पुनः विकसित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिन स्थानों पर रोडवेज बसों के नियमित ठहराव के कारण सड़कों पर धूल-मिट्टी का जमाव पाया गया, वहां नियमित साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन के दौरान धूल प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। 

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘‘मेरा पम्प एप’’ का किया शुभारम्भ, पेट्रोल पम्प डीलरों के लिए डिजिटल प्रबंधन की नई शुरुआत...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू 


प्रयागराज : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को सिविल लाइन्स स्थित होटल ब्लेसिंग्स इम्पीरिया में आयोजित कार्यक्रम में पेट्रोलियम रिटेल उद्योग के लिए विकसित अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘‘मेरा पम्प एप’’ का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए पेट्रोल पम्प डीलरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं ऐप का लोकार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में माननीय उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत तेजी से डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है और ऐसे नवाचार देश के उद्यमियों को नई शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा पम्प एप पेट्रोलियम रिटेल उद्योग में तकनीकी परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है तथा यह पेट्रोल पम्प डीलरों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने संस्थापक श्री संजय सचदेवा एवं उनकी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए ऐप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर विकसित ऐसे स्टार्टअप भारत की नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ऐप पेट्रोलियम उद्योग में आधुनिक प्रबंधन प्रणाली को नई दिशा देगा। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक होती है जब वह आम उद्यमी के जीवन को सरल बनाए। उन्होंने कहा कि मेरा पम्प एप पेट्रोल पम्प डीलरों के लिए एक भरोसेमंद डिजिटल सहयोगी सिद्ध होगा और इसके व्यापक उपयोग की कामना की। भारतीय जनता पार्टी, काशी प्रांत के उपाध्यक्ष श्री कमलेश कुमार ने कहा कि युवा एवं अनुभवी सोच का यह समन्वय निश्चित रूप से उद्योग जगत को नई दिशा देगा। मेरा पम्प एप के संस्थापक एवं पेट्रोलियम क्षेत्र के वरिष्ठ विधिक सलाहकार श्री संजय सचदेवा ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि चार दशकों से अधिक समय तक पेट्रोलियम उद्योग से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने पेट्रोल पम्प डीलरों की व्यावहारिक समस्याओं को निकट से देखा है। इन्हीं अनुभवों के आधार पर मेरा पम्प एप की परिकल्पना की गई, ताकि प्रत्येक डीलर अपने प्रतिष्ठान पर उपस्थित हुए बिना भी अपने व्यवसाय की हर महत्वपूर्ण गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रख सके। उन्होंने बताया कि यह ऐप बिक्री, स्टॉक, टैंक डिप, मीटर रीडिंग, स्टॉक वेरिएशन, नकदी प्रबंधन, लाभ-हानि विश्लेषण, दैनिक रिपोर्ट, आवश्यक लाइसेंसों की समय-सीमा, अनुपालन संबंधी सूचनाओं सहित अनेक सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ऐप पेट्रोल पम्प व्यवसाय में पारदर्शिता, दक्षता एवं लाभप्रदता बढ़ाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। प्रयागराज एवं कौशाम्बी पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रंजन सिंह ने कहा कि यह ऐप डीलरों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है तथा इससे व्यवसाय के संचालन एवं निगरानी में उल्लेखनीय सुविधा मिलेगी। महासचिव श्री संजय तिवारी ने इसे समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि डिजिटल प्रबंधन ही भविष्य का मार्ग है। मेरा पम्प एप के संरक्षक श्री जी.के. अग्रवाल ने इसे पेट्रोलियम रिटेल क्षेत्र के लिए एक दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि यह ऐप आने वाले वर्षों में डीलरों के व्यवसाय संचालन का अभिन्न अंग बन जाएगा। कार्यक्रम का संचालन श्री निखार सागर एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पाासवान सहित विभिन्न जनपदों से आए पेट्रोलियम डीलर्स, प्रयागराज के सम्मानित नागरिक, स्टाफ उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान डबल इंजन सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता,पेपर लीक पर सख्त कानून...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू 


प्रयागराज : उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को आर0पी0 रेस्टोरेंट लॉन-फाफामऊ में आयोजित ‘‘छात्रों की बात, युवाओं के साथ’’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के सुझाव सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और उन्हें पूरी गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने कड़ा कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने युवाओं से किए गए वादे के अनुरूप परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। सरकार की मंशा है कि किसी भी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक न हो, अधियाचन समय पर भेजे जाएं, परीक्षाएं निर्धारित समय पर संपन्न हों तथा परिणाम भी समयबद्ध ढंग से घोषित किए जाएं, ताकि युवाओं को अनावश्यक प्रतीक्षा और मानसिक तनाव का सामना न करना पड़े। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े छात्रों को व्यवहारिक कठिनाइयों का सबसे अधिक अनुभव होता है। इसलिए उनके सुझाव सरकार के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपनी समस्याएं एवं सुझाव लिखित रूप में अथवा ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध करा सकते है। सरकार प्रत्येक सुझाव का अध्ययन कर उसके समाधान का प्रयास करेगी। उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जिस देश का युवा विकास यात्रा में सहभागी नहीं बनता, वह देश प्रगति नहीं कर सकता। प्रतियोगी छात्र केवल अपने परिवार का ही नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज के भविष्य का भी निर्माण करते हैं। इसलिए उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों के शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलनों का सदैव सम्मान किया जाना चाहिए, किंतु छात्रों के आंदोलनों की आड़ में राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार छात्रों की वास्तविक समस्याओं का समाधान चाहती है और इसी भावना से संवाद स्थापित किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज देशभर के प्रतियोगी छात्रों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से तैयारी कर अनेक युवाओं ने प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में सफलता प्राप्त कर देश की सेवा की है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा पारदर्शी और विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ सके। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि वे अपनी सभी समस्याएं एवं सुझाव लिखित रूप में उपलब्ध करा सकते है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बिंदु का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाएगा तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि युवाओं के हितों की रक्षा तथा भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और विश्वसनीय बनाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रभावी कदम उठाती रहेगी। इस अवसर पर विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष  निर्मला पासवान व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

झलवा पार्षद रामलोचन साहू ने 15 दिवसीय खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
 

प्रयागराज - उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, प्रयागराज की ओर से शुक्रवार को भगवतपुर ब्लॉक, सदर प्रयागराज में 15 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी का जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल ने माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम आयोजक झलवा पार्षद राम लोचन साहू महापौर का स्वागत अभिनंदन किया। विभाग द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी तथा आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा माटीकला टूल्सकिट योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लाभार्थियों का मार्गदर्शन भी किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन झलवा पार्षद रामलोचन साहू ने किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा, महिलाएं और बेरोजगार अभ्यर्थी  कार्यक्रम में शामिल हुए। उनसे रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल, सुनील कुमार, हिमांशु यादव, अभिषेक त्रिपाठी एवं महेश, रामलाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Thursday, August 6, 2026

नवनियुक्त मण्डलायुक्त डॉ0 लोकेश एम. ने अपना पदभार संभाला...

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू


प्रयागराज : नवनियुक्त मण्डलायुक्त डॉ0 लोकेश एम. गुरूवार को प्रयागराज पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण के पश्चात मण्डलायुक्त ने गांधी सभागार में आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके कार्योें के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मण्डलायुक्त ने आयुक्त कार्यालय स्थित विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि एक सप्ताह में सभी पटल प्रभारी फाइलों के रख-रखाव को सुव्यवस्थित कर लें तथा प्रत्येक पत्रावलियों पर नम्बरिंग पट्टिका अंकित करें, साथ ही साथ उन्होंने सभी पटल सहायकों को अपना नाम, पदनाम एवं उनसे सम्बंधित कार्यों के बारे में नेमप्लेट लगाये जाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने सभी पटल सहायकों को एक मास्टर रजिस्टर बनाने के लिए निर्देशित किया। विचाराधीन पत्रावलियों को स्पष्ट रूप से अंकित करने तथा उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के लिए निर्देशित किया है। मण्डलायुक्त ने आयुक्त कार्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने एवं विभिन्न स्थलों पर डस्टबिन रखवाये जाने के लिए कहा। उन्होंने परिसर में लगे आरओ पानी के स्थान को व्यवस्थित करने एवं वहां पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के बाद पुनः कार्यालय का निरीक्षण किया जायेगा। निरीक्षण के पहले सभी पटल सहायक अपने पटलों को सुव्यवस्थित कर लें। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय में आने वाले लोगो के साथ अच्छा व्यवहार करने और उनकी समस्याओं को नियमानुसार समय से निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन श्री त्रिभुवन, अपर आयुक्त न्यायिक जयजीत कौर के अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन ने हर्रायपुर बाजार का भव्य गठन किया

रिपोर्ट- उमेश वर्मा 


कौशाम्बी : जनपद के हर्रायपुर बाजार में संगठन की एक महत्वपूर्ण और खुली बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से नगर संगठन का गठन पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। व्यापारियों के हित, एकता और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए, राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के #यशस्वी_जिलाध्यक्ष_श्री_अरविंद_केसरवानी_जी ने संगठन के तहसील प्रभारी चायल नीरज बनारसी जी, जिला उपाध्यक्ष बृज किशोर रस्तोगी जी, मूरतगंज नगर अध्यक्ष अनूप केसरवानी जी, नगर उपाध्यक्ष विनोद केसरवानी जी सहित अन्य सम्मानित वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में नई कार्यकारिणी के पदों की घोषणा की। हर्रायपुर बाजार के नवनियुक्त पदाधिकारियो की सूची— अध्यक्ष – उमेश वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष – हर्षित जायसवाल,  उपाध्यक्ष– इरफान जाफरी, महामंत्री– राजेंद्र केशरवानी, संगठन महामंत्री– मनोज केसरवानी, जिला उपाध्यक्ष – विवेक केसरवानी "छंगु" हर्रायपुर बाजार के नवनियुक्त युवा पदाधिकारियो की सूची युवा अध्यक्ष–सौरभ गुप्ता, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष–सूरज केसरवानी, युवा उपाध्यक्ष– रवि सोनी, युवा महामंत्री– प्रीत साहू, युवा संगठन मंत्री– अभिषेक केसरवानी, मीडिया प्रभारी– हरिकेश सिंह, संरक्षक सुनील जायसवाल, रामनरेश केसरवानी, शिवपूजन साहू, विजय केसरवानी, शिव प्रसाद विश्वकर्मा रामचंद्र केसरवानी, राकेश केसरवानी , रविंद्र कुमार शर्मा, नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं उज्जवल कार्यकाल की ढेरों शुभकामनाएं। उम्मीद है कि आपके नेतृत्व में हमारा संगठन नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और व्यापारी भाइयों की आवाज को हमेशा बुलंद रखेगा। व्यापारी एकता जिंदाबाद, राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन जिंदाबाद।

फतेहपुर घाट में दाह संस्कार के दौरान एक व्यक्ति गंगा में नहाने के दौरान डूबा, पुलिस ने छानबीन की लेकिन बाडी नही मिल सकी

रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू 

प्रयागराज : पूरामूफ्ती थानाध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह ने अपने पुलिस बल के साथ समय करीब 6.00 बजे शाम को ग्राम फतेहपुर घाट में एक व्यक्ति के गंगा जी में डूबने की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक द्वारा मौके पर पहुंचे जहां से जानकारी हुआ कि ग्राम मनौरी के धरीकर बस्ती में कल्लू के दाह संस्कार में काफी संख्या में लोग ग्राम फतेहपुर घाट पर आए थे जिसमें कल्लू के दाह संस्कार के बाद गंगा स्नान करने के दौरान शेखर उर्फ पेटू पुत्र दिनेश धारीकर उम्र करीब 17 वर्ष निवासी मनौरी थाना पुरामुफ्ती प्रयागराज गंगा जी कटान में जो नाला के बहाव में डूब गए। मौके पर गांव के लोगों की मदद से जाल लगाकर काफी ढूंढा गया किन्तु मृतक की बॉडी नहीं मिल सकी।

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

KHABREIN UTTAR RADESH KI NEWS PAPER

VIDEOS