रिपोर्ट- ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को एनआईसी कक्ष में कछुआ वन्य जीव विहार के इको-सेंसिटिव जोन के निर्धारण के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, प्रयागराज द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कछुआ वन्य जीव विहार के क्षेत्रफल एवं विस्तार, भौगोलिक स्थिति, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों तथा इको-सेंसिटिव जोन की अवधारणा, उसमें पाए जाने वाले वन्यजीवों एवं क्षेत्र की पारिस्थितिकी के संबंध में समिति के सदस्यों को विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बाढ़ खंड, उद्योग विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित विषयों एवं प्रस्तावित इको-सेंसिटिव जोन के संभावित प्रभावों तथा आवश्यक प्रबंधन उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति में विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. प्रताप श्रीवास्तव द्वारा इको-सेंसिटिव जोन में मानवीय गतिविधियों के नियंत्रण, विनियमन एवं प्रबंधन के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए गए। बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत समिति द्वारा कछुआ वन्य जीव विहार के इको-सेंसिटिव जोन के प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त करते हुए इसे आवश्यक कार्यवाही एवं अनुमोदन हेतु उच्च स्तर पर प्रेषित किए जाने की संस्तुति की गई। अंत में जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक को सधन्यवाद समाप्त किया गया।
No comments:
Post a Comment